बंगाल-असम में बीजेपी की शानदार जीत के बाद पार्टी में जश्न का माहौल, PM मोदी आज शाम पहुंचेंगे दिल्ली भाजपा मुख्यालय, होगा भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे दिल्ली में बीजेपी हेडक्वार्टर जाएंगे। पश्चिम बंगाल और असम में पार्टी को मिली बड़ी बढ़त के बाद यह दौरा बेहद खास है। सूचना मिलते ही बीजेपी के सभी कार्यकर्ता उत्साह से भर गए हैं और प्रधानमंत्री को देखने के लिए बेकरार है। पढ़ें पूरी खबर।

Follow :  
×

Share


PM Modi to visit BJP HQ | Image: ANI

PM Modi to visit BJP HQ: देश के पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को पश्चिम बंगाल और असम में शानदार बढ़त मिल रही है। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे नई दिल्ली में बीजेपी हेडक्वार्टर (BJP Headquarters) जाएंगे।

PM को देखने के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

बीजेपी प्रवक्ता अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि प्रधानमंत्री शाम 6 बजे पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे। पश्चिम बंगाल में पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, जो कि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं, असम में भी एनडीए (NDA) गठबंधन लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ती नजर आ रही है। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

पीएम मोदी के इस दौरे पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने की भी संभावना भी है। साथ ही चुनाव नतीजों के जश्न के लिए पार्टी मुख्यालय में पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।

पश्चिम बंगाल के रुझानों में ममता बनर्जी की हार 

पश्चिम बंगाल के रुझान सबसे ज्यादा चौंकाने वाले हैं। यहां BJP ने शुरुआती दौर से ही बढ़त बनाए रखी है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो बंगाल की सियासत में यह एक बड़ा बदलाव होगा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभी से जश्न मनाना शुरू कर दिया है। अयोध्या के हनुमानगढ़ी में साधु-संतों ने भी बंगाल में भाजपा की बढ़त पर खुशी जाहिर की है। TMC के लिए सत्ता बचाना अब बड़ी चुनौती नजर आ रही है। 

बीजेपी मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया

इसके अलावा कुछ और वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें ढोल-नगाड़ों के साथ बीजेपी मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया जा रहा है। इसमें भारतीय जनता पार्टी की उत्सुकता और खुशी की झलक साफ देखी जा सकती है। 

ममता बनर्जी भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी से आगे

बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। एक सीट फालता पर 21 मई को फिर वोटिंग होगी। रुझानों में भाजपा को बहुमत मिला है। भाजपा 187 और टीएमसी 87 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा 11 सीट जीत गई है, 2 सीट टीएमसी के खाते में आई है। भवानीपुर में ममता बनर्जी भाजपा कैंडीडेट सुवेंदु अधिकारी से करीब 7 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। दोनों काउंटिंग सेंटर पहुंचे हैं, बाहर भारी फोर्स तैनात है। 

यह भी पढ़ें: बंगाल-असम के रुझानों में बढ़त, दिल्ली BJP मुख्यालय में जश्न शुरू- VIDEO

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 4 May 2026 at 17:01 IST