'शिवपाल यादव ने कहा था सपा चोरों और माफियाओं की पार्टी बन गई है', ओपी राजभर का बड़ा दावा, कहा- अखिलेश चाचा को बाहर करके CM बने थे
राजभर ने कहा कि पार्टी के सीनियर नेता शिवपाल यादव के साथ "धोखा" हुआ, क्योंकि मुलायम सिंह के बाद उन्हें मुख्यमंत्री बनना चाहिए था।
- भारत
- 2 min read
OP Rajbhar Statement: उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। उन्होंने सपा में टूट का दावा कर सियासी सरगर्मियां बढ़ा दी। अब शुक्रवार (19 जून) को उन्होंने अखिलेश यादव को निशाना पर लेते हुए कहा कि वे अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव को "बाहर धकेलकर" मुख्यमंत्री बने थे।
राजभर ने कहा कि पार्टी के सीनियर नेता शिवपाल यादव के साथ "धोखा" हुआ, क्योंकि मुलायम सिंह के बाद उन्हें मुख्यमंत्री बनना चाहिए था।
‘शिवपाल को बनना चाहिए था CM, लेकिन…’
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख राजभर ने ANI से कहा कि शिवपाल जी के साथ धोखा हुआ। मुलायम सिंह जी के बाद शिवपाल यादव को CM बनना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया। शिवपाल जी ने एक बार कहा था कि समाजवादी पार्टी चोरों और माफियाओं की पार्टी बन गई है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि ऐसी पार्टी टिक नहीं सकती।
इससे पहले गुरुवार (18 जून) को राजभर के 'SP में फूट पड़ेगी" वाले दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए, पार्टी के सीनियर नेता शिवपाल सिंह यादव ने अंदरूनी फूट की बातों को BJP की "साजिश" करार दिया। ANI से बात करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि BJP और उसके सहयोगी राजनीतिक फायदा उठाने के लिए झूठ का सहारा लेते हैं।
समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद अलग नहीं होगा- शिवपाल
शिवपाल यादव ने कहा, "BJP के लोग झूठ बोलते हैं। वे समय-समय पर साजिशें भी रचते रहते हैं। समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद अलग नहीं होगा। ये लोग अपनी TRP बढ़ाने और चुनाव के दौरान सीटें बढ़ाने के लिए ऐसा कहते हैं।"
SBSP प्रमुख पर तंज कसते हुए शिवपाल ने कहा कि राजभर के बयानों के पीछे कोई मकसद होता है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि उन्हें ट्वीट करने के लिए पैसे मिलते हैं, इसीलिए वे ऐसी बातें कहते हैं और झूठ बोलते हैं। 2027 में उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी। पूरे उत्तर प्रदेश में कोई भी ओम प्रकाश राजभर को गंभीरता से नहीं लेता है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 19 June 2026 at 18:56 IST