'न जानें क्यों, आपका मन केवल मस्जिद, मजार, दहगाह और कब्रिस्तान में ही लगता है, अरे मित्र अखिलेश! इतना भी तुष्टिकरण...', ओपी राजभर ने साधा निशाना
ओपी राजभर ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा, आज आप हमारे जिला बनारस पधार रहे हैं, मगर अफसोस कि बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाने की भी आपकी हिम्मत नहीं हो रही।
- भारत
- 4 min read
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर सपा प्रमुख पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल किया है कि अखिलेश बताए कि वाराणसी पहुंचकर भी वो बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाने क्यों नहीं पहुंचे?
राजभर ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “मित्र अखिलेश यादव जी! आज आप हमारे जिला बनारस पधार रहे हैं, मगर अफसोस कि बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाने की भी आपकी हिम्मत नहीं हो रही। ऐसे ही कुछ दिन पहले अयोध्या गए थे, वहां भी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पास से मुंह घुमाकर निकल गए। मथुरा जाते हैं, लेकिन श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर की तरफ देखने से भी आपकी कंपकंपी छूटने लगती है।”
राजभर ने अखिलेश पर लगाए गंभीर आरोप
पोस्ट में आगे लिखा है- 'अरे मित्र! सावन में तो काशी का यदुवंशी समाज सबसे पहले बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करता है। पिछले साल आपको निमंत्रित भी किया गया था, मगर फिर भी आप न जाने कौन सा बहाना मार के बैठ गये थे। सही कहा गया है कि जब भगवान की आज्ञा होती है तभी इंसान को उनके पावन स्वरूप के दर्शन मिलते हैं।'
तुष्टिकरण वाली राजनीति बंद कीजिए-राजभर
'इस लिहाज से तो आपको आत्ममंथन जरूर करना चाहिए, कि क्यों न तो प्रभु श्रीराम, न भगवान श्रीकृष्ण और ना ही समूचे विश्व के नाथ कहे जाने वाले हमारे बाबा विश्वेश्वर ही आपको अपने दरबार में फटकने देना चाहते हैं।' न जाने क्यों, आपका मन केवल मस्जिद, मजार, ईदगाह, दरगाह और कब्रिस्तान में ही लगता है। अरे मित्र अखिलेश! इतनी भी तुष्टिकरण वाली राजनीति मत कीजिए कि हिन्दू समाज आपको धिक्कारने लगे।'
अखिलेश के आरोपों पर राजभर का पलटवार
इससे पहले मंगलवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि योगी सरकार ने काशी के लिए कोई काम नहीं किया। इन आरोपों पर पलटवार करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव पांच साल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और उनके समय की काशी और आज की काशी में जमीन-आसमान का फर्क है। उन्होंने अखिलेश से पूछा कि सपा सरकार ने काशी के लिए क्या-क्या किया बता सकते हैं?
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 3 November 2026 at 20:52 IST