'एक-एक कच्चा-चिट्ठा खोलूंगा...', अखिलेश यादव पर बरसे OP Rajbhar, राजभर समाज की हत्याएं गिनाकर घेरा

UP Politics: योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि राजभर समाज के लोगों के साथ हत्याओं पर वो आवाज क्यों नहीं उठाते?

 
Follow :
ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर निशाना | Image: ANI

OP Rajbhar attack Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के निशाने पर अक्सर ही समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव रहते हैं। वे तमाम मुद्दों को लेकर उन्हें घेरते नजर आते हैं। अब राजभर ने राजभर समाज की 6 हत्याएं गिनाकर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव की चुप्पी पर सवाल उठाए और चेतावनी देते हुए कहा कि वे सपा नेताओं का एक-एक कच्चा-चिट्ठा खोलेंगे।

'रट्टू तोता बनकर PDA-PDA की माला...'

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए ओपी राजभर ने सीधे अखिलेश यादव को संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि आप तो दिन-रात रट्टू तोता की तरह पीडीए-पीडीए की माला जपते रहते हैं, लेकिन उसी माला से आपके लीडर राजभर समाज के लोगों का गला घोटने में सबसे आगे हैं।

उन्होंने आगे लिखा कि बीपी न बढ़ाइएगा, आज जो तथ्य सामने रखूंगा वो आपके पीडीए का असली रंग-रूप सबके सामने खोलकर रख देगा। राजभर समाज के लोगों की जो हत्याएं पिछले एक साल में हुई हैं, उसमें पीडीए ही शामिल रहा है।

June 7, 2026

राजभर ने इस घटनाओं का किया जिक्र

26 जनवरी 2025 को श्रावस्ती के पूरेमंशाराम में संजय राजभर की हत्या हुई। राजभर का दावा है कि इस घटना में सपाई का नाम आया है।

16 जनवरी 2026 को जौनपुर के खेतासराय में सुनील राजभर की हत्या हुई। इसमें जीशान पर केस दर्ज हुआ।

14 फरवरी 2026 को महराजगंज के श्यामदेउरवा में 15 साल के अंकुश राजभर की हत्या हुई। पड़ोसी रामनरेश यादव और उसका परिवार शामिल रहा।

28 मार्च 2026 को बाराबंकी के टिकैतनगर में बबलू राजभर जो बेचारा आइसक्रीम बेचकर अपना परिवार पाल रहा था, उसे शंकर यादव ने बांके से काट डाला।

20 अप्रैल 2026 को देवरिया भटनी में सूरज राजभर को अशोक यादव ने मार डाला।

29 मई 2026 को मऊ के हलधरपुर में राजजन्म राजभर को रामबदन यादव और उसके पांच साथियों ने तब मार दिया जब वह गेहूं पिसवाकर घर जा रहे थे।

राजभर की अखिलेश को चेतावनी

ओपी राजभर का दावा है कि इन सब घटनाओं में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों की भूमिका रही। उन्होंने कहा कि आखिर राजभर समाज के लोगों को कितना सताएगा आपका वाला पीडीए? आप अपने मन-मतलब वालों के लिए तो एसी में बैठकर खूब पीसी करते हैं, छाती पीटते हैं। जैसे ही आपके लोग अपराध करने में शामिल दिखते हैं, आपके मुंह में दही जम जाता है।

सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश को चेतावनी देते हुए कहा कि घबराइए मत! आप और आपके नेताओं का एक-एक कच्चा-चिट्ठा खोलता रहूंगा। यह भी बताऊंगा कि आप AC कमरे से बाहर आखिर क्यों नहीं निकलते?

यह भी पढ़ें: ममता के साथ जाना था दिल्ली, फिर एक दिन पहले क्यों पहुंचे अभिषेक बनर्जी? ‘ऑपरेशन क्राउन प्रिंस’ ने बढ़ाई दीदी की टेंशन

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 7 June 2026 at 14:50 IST