NDLS भगदड़ में हुई मौत को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा, बोले- 'स्टेशन से घाट तक मौतें हुई, गरीब मारे जा रहे'
राजद नेता तेजस्वी यादव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में हुई मौत को लेकर केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि स्टेशन से घाट तक मौतें हुई, गरीब मारे जा रहे हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में भीड़ इकट्ठा होने के बाद मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई। इसे लेकर बिहार के डिप्टी सीएम और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार गरीब मारे जा रहे हैं स्टेशन से लेकर घाट तक मौतें हुई हैं।
राजद नेता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "सरकार द्वारा कोई व्यवस्था नहीं कराई गई है... लगातार गरीब मारे जा रहे हैं स्टेशन से लेकर घाट तक मौतें हुई हैं। पूरा देश और बिहार जानना चाहता है कि इन मौतों का जिम्मेदार कौन है? कौन दोषी है? हजारों लोग मारे जा रहे हैं। सरकार को कोई चिंता नहीं है। सरकार केवल अपने PR में लगी है। इंतजाम केवल VVIP टेंट तक सीमित हैं। पूरी जगह कुव्यवस्था है। हादसे में किसी ना किसी की जिम्मेदारी तय होना चाहिए। मरने वालों में बिहार के लोग ज्यादा हैं। बिहार सरकार को कोई लेना देना नहीं है। पहले भी घाटों पर कई बिहारियों की मौत हुई थी।"
घोड़े पर तेजस्वी और नीतीश कछुए पर सवार
पटना में एक पोस्टर लगाया गया, जिसमें राजद नेता तेजस्वी यादव एक दौड़ते हुए घोड़े पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक कछुए की पीठ पर बैठे हुए दिख रहे हैं। यह पोस्टर राजद के एक कार्यकर्ता ने 10, सर्कुलर रोड के निकट लगाया है, जो पूर्व मुख्यमंत्री एवं यादव की मां राबड़ी देवी को आवंटित बंगला है। पोस्टर में तेजस्वी यादव घोड़े पर सवार है, उनके हाथ में राजद का चुनाव चिन्ह लालटेन भी है और इसमें उन्हें एक मील का पत्थर पार करते हुए दिखाया गया है, जिस पर 2025 लिखा है जो इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के संदर्भ में है। वहीं सीएम नीतीश एक कछुए पर बैठे नजर आ रहे हैं और उनकी पीठ में कुर्सी बंधी हुई है। इसमें नीचे एक जगह लिखा है कि 'तेजस्वी विकास-2025 में फुल स्पीड से होगा।'
सीएम नीतीश के घर से कुछ दूरी पर लगा पोस्टर
इस पोस्टर पर लिखा है, "वही 17 महीनों वाली तेज तर्रार तेजस्वी सरकार आ रही है।" बता दें, बिहार में राजद जदयू और कांग्रेस की महागठबंधन सरकार 17 महीने तक रही थी। पोस्टर में इसी 17 महीने का जिक्र किया गया है। यह पोस्टर नीतीश कुमार के आवास से कुछ ही मीटर की दूरी पर लगाया गया है। बिहार में इस साल के अंत में बिहार विधानसभा चुनाव होने हैं।
(इनपुट भाषा)
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 16 February 2025 at 23:44 IST