'TMC के 4000 कार्यालयों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया, मैं चाहती हूं पुलिस रक्षक की तरह काम करे ना कि शिकारी...', ममता बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोप

Mamata Banerjee: गुरुवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने हमला करते हुए कहा कि BJP ने TMC के 4000 दफ्तरों पर कब्जा कर लिया है।

 
Follow :
Mamata Banerjee alleges BJP captured 4,000 TMC offices | Image: X

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी ने गुरुवार, 3 सितंबर को BJP पर "गुंडागर्दी" करने का आरोप लगाया और कहा कि पूरे पश्चिम बंगाल में लगभग 4,000 TMC पार्टी ऑफिस पर जबरदस्ती कब्जा कर लिया गया है या उन्हें लूट लिया गया है।

ममता बनर्जी का बयान उस समय आया है, जब गुरुवार को TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोगों ने उनके दफ्तर में कथित तौर पर तोड़फोड़ की। इसके कुछ घंटे बाद फेस्बूक लाइव के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और जनता को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ की गई, डॉक्यूमेंट और रिकॉर्ड ले लिए गए और फर्नीचर और पार्टी के झंडों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

4,000 पार्टी ऑफिस पर कर लिया गया है कब्जा

फेसबुक लाइव के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "गाँवों और कस्बों में हमारे लगभग 4,000 पार्टी ऑफिस पर जबरदस्ती कब्ज़ा कर लिया गया है या उन्हें लूट लिया गया है। डॉक्यूमेंट ले लिए गए हैं, और कुर्सियां और टेबल भी नहीं बख्शे गए। हर राजनीतिक पार्टी का झंडा उसकी इज़्ज़त और सम्मान दिखाता है फिर भी उन झंडों को भी रौंदा गया है।"

TMC वर्कर्स के खिलाफ 14,000 से ज्यादा केस दर्ज

ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि 'TMC वर्कर्स के खिलाफ 14,000 से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, बंगाल पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा राजनीतिक कार्यकर्ताओं को टारगेट करने के बजाय नागरिकों के रक्षक के रूप में काम करना चाहिए।

बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस एक्शन का इस्तेमाल TMC वर्कर्स और नेताओं को डराने के लिए किया जा रहा है और दावा किया कि महिलाओं, बच्चों, सीनियर सिटिज़न्स, स्टूडेंट्स और युवाओं को भी टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "मैं चाहती हूं कि पुलिस रक्षक के रूप में काम करे, शिकारी के रूप में नहीं। वे गैर-कानूनी तरीके से काम क्यों कर रहे हैं?

मीडिया की आजादी का मुद्दा भी उठाया

पर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया की आज़ादी का मुद्दा भी उठाया, आरोप लगाया कि पत्रकारों और मीडिया ऑर्गेनाइजेशन को तब टारगेट किया जा रहा है जब उनकी रिपोर्टिंग सत्ता में बैठे लोगों के पक्ष में नहीं है।

TMC चीफ ने चुनावी प्रोसेस के बारे में अपने आरोप भी दोहराए, और BJP और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर बंगाल असेंबली इलेक्शन को "लूटने" के लिए कथित तौर पर पूरी मशीनरी का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

ये भी पढ़ें: TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के दफ्तर में तोड़फोड़ पर बड़ा एक्शन, बंगाल पुलिस ने 6 लोगों को किया गिरफ्तार, महुआ मोइत्रा कार्रवाई से नाखुश

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 3 September 2026 at 21:06 IST