कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने PM मोदी को बता दिया 'आतंकी', विवादित बयान के बाद सियासी भूचाल, BJP बोली- 140 करोड़ भारतीयों का किया अपमान; VIDEO
BJP vs Congress: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने पीएम को 'आतंकवादी' कहा, जिसके बाद बीजेपी ने इसे 140 करोड़ भारतीयों का अपमान बताते हुए माफी की मांग की है।
BJP vs Congress: देश की राजनीति में उस समय भूचाल आ गया जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक बेहद विवादित टिप्पणी कर दी। तमिलनाडु के वेलाचेरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने AIADMK और BJP के गठबंधन पर निशाना साधा और इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के लिए 'आतंकवादी' शब्द का इस्तेमाल किया।
खड़गे ने आरोप लगाया कि ऐसे गठबंधन न केवल लोकतंत्र को कमजोर करते हैं, बल्कि वे समानता और न्याय में भी विश्वास नहीं रखते। इस बयान के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे पूरे देश का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है।
क्या था पूरा मामला?
रैली के दौरान अपने संबोधन में खड़गे ने कहा कि AIADMK के लोग जो खुद अन्नादुरई की तस्वीर लगाते हैं, वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? उन्होंने आगे कहा, "वह (मोदी) एक आतंकवादी हैं।" हालांकि, इस बयान के तूल पकड़ने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी टिप्पणी पर सफाई पेश की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आशय प्रधानमंत्री को सीधे आतंकवादी कहने से नहीं था, बल्कि वह यह कहना चाह रहे थे कि PM मोदी सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल करके राजनीतिक दलों और लोगों को डरा-धमका रहे हैं। उन्होंने तर्क दिया कि ED, IT और CBI जैसी केंद्रीय संस्थाएं उनके हाथ में हैं और वे विपक्ष की आवाज दबाने के लिए इनका औजार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।
परिसीमन पर उठाए सवाल
अपनी रैली में खड़गे ने केवल प्रधानमंत्री पर निशाना नहीं साधा, बल्कि उन्होंने 131वें संविधान संशोधन बिल के खिलाफ विपक्ष की एकजुटता की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि यह बिल खतरनाक था और इसे रोकने में कांग्रेस व क्षेत्रीय सहयोगियों ने मुख्य भूमिका निभाई। उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को इसका श्रेय देते हुए इसे संघीय सिद्धांतों की जीत बताया। खड़गे का मानना है कि इस तरह के बिलों के जरिए उन राज्यों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण पर काम किया है।
'राहुल और स्टालिन को मांगनी चाहिए माफी': BJP
BJP ने खड़गे के इस बयान को कांग्रेस की हताशा और उनकी ओछी मानसिकता करार दिया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री को मिल रहे जबरदस्त जनसमर्थन से कांग्रेस बौखला गई है। वहीं, BJP सांसद संबित पात्रा ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे कांग्रेस का सोची-समझी साजिश बताया।
पात्रा का कहना है कि यह 'जुबान फिसलने' का मामला नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई एक अभद्र टिप्पणी है। BJP ने मांग की है कि राहुल गांधी और एमके स्टालिन को इस अपमान के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहना 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है, जिन्होंने उन्हें चुनकर सत्ता में भेजा है।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 21 April 2026 at 17:42 IST