Kamal Nath ने ना किया इनकार और ना स्वीकार... कांग्रेस नेता के लिए BJP की तैयारी क्या?

MP News : कमलनाथ एक बार फिर सामने आए हैं, लेकिन उन्होंने कांग्रेस छोड़ने की अटकलों को अभी भी खारिज नहीं किया है।

 
Follow :
कमलनाथ और बीजेपी नेता जेपी नड्डा, अमित शाह | Image: ANI/PTI

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर चर्चाएं हैं कि वो जल्द ही कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह सकते हैं। पिछले दो दिनों में बदले राजनीतिक परिदृश्य से भी संकेत साफ हैं कि कमलनाथ कांग्रेस छोड़ सकते हैं। सबसे अहम ये कि तमाम अटकलों और कयासों के बीच कमलनाथ खुद भी कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी के साथ जाने की संभावनाओं से इनकार नहीं कर रहे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ एक बार फिर सामने आए हैं, लेकिन उन्होंने कांग्रेस छोड़ने की अटकलों को अभी भी खारिज नहीं किया है। इस समय भोपाल की जगह दिल्ली में मौजूद कमलनाथ से जब फिर से सवाल पूछे गए तो उन्होंने अपनी पहले जैसी बातों को दोहराते हुए सस्पेंस और बढ़ा दिया। कांग्रेस नेता कमलनाथ ने रविवार को पत्रकारों से कहा, 'अगर ऐसा कुछ होगा तो मैं सबसे पहले आप लोगों को बताऊंगा।'

कमलनाथ के लिए बीजेपी ने दरवाजे खोले

कमलनाथ के पाला बदलने की स्थिति में भारतीय जनता पार्टी भी स्वागत करने के लिए तैयार बैठी हुई है। बीजेपी के नेताओं ने साफ कर दिया है कि कमलनाथ के लिए उनकी पार्टी के दरवाजे खुले हुए हैं। शुक्रवार को मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि पार्टी में कमलनाथ का स्वागत किया जाएगा। वीडी शर्मा ने अपने बयान में कहा, 'कमलनाथ और उनके बेटे अगर अयोध्या में आयोजित राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह के बहिष्कार के कांग्रेस के फैसले से नाखुश हैं तो उनका भाजपा में स्वागत है।' उन्होंने ये भी कहा कि अगर वो (कमलनाथ और नकुलनाथ) प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और समाज की सेवा करने के लिए बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं तो उनका स्वागत है।

यह भी पढ़ें: 'इंदिरा के दो हाथ-संजय गांधी और कमलनाथ', मशहूर थी वो 1970 वाली दोस्ती; आज कांग्रेस छोड़ने की नौबत आई

दिल्ली में मौजूद बीजेपी की नेता रीता बहुगुणा जोशी भी कमलनाथ के स्वागत की बात कर रही हैं। एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ के बारे में रीता बहुगुणा जोशी कहती हैं, ‘जैसा कि मैंने सुना है, उन्हें इस बात से दुख हुआ है कि लोग उन्हें मध्य प्रदेश चुनाव हारने के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। यहां बीजेपी में सभी का स्वागत है।’

कमलनाथ के कांग्रेस छोड़ने के संकेत

कई दशक से कमलनाथ गांधी परिवार का हाथ पकड़े हुए हैं। हालांकि पिछले कई दिन से भोपाल में बड़ी हलचल देखी गई। कांग्रेस छोड़ने की चर्चाओं के बीच बेटे नकुलनाथ ने सोशल मीडिया पर अपना बायो बदल डाला और कांग्रेस का नाम वहां से हटा दिया। कमलनाथ के सबसे करीबी सज्जन सिंह वर्मा ने भी अपने बायो से कांग्रेस का नाम हटाया। इसके बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक दीपक सक्सेना ने भी आरोप लगा दिए कि कांग्रेस में कमलनाथ का अपमान हुआ। हार का ठीकरा जिस तरह से कमलनाथ पर फोड़ा गया, वो अपमानजनक था।

कमलनाथ का कांग्रेस से मोहभंग क्यों?

पहला कारण- मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी नेता आलोक शर्मा ने ठीकरा कमलनाथ पर फोड़ा था। आलोक शर्मा ने कमलनाथ पर बीजेपी संग सांठ-गांठ के आरोप लगाए थे।

दूसरा कारण- मध्य प्रदेश में कांग्रेस को हार मिली, लेकिन कमलनाथ के नेतृत्व में पार्टी 66 सीटों पर जीतकर आई। इसके बाद भी कमलनाथ से प्रदेश अध्यक्ष की कमान छीन ली गई। कांग्रेस ने जीतू पटवारी को कमलनाथ की जगह प्रदेश अध्यक्ष बनाया।

तीसरा कारण- कमलनाथ खुद इस बार चुनाव जीतकर आए हैं, ऐसे में उनकी कोशिश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुने जाने की जरूर रही होगी। हालांकि पार्टी की तरफ से कमलनाथ नहीं चुने गए, बल्कि उमंग सिंघार नेता प्रतिपक्ष के रूप में चुने गए।

चौथा कारण- राज्य से हटकर कमलनाथ को राज्यसभा भेजे जाने की अटकलें चल रही थीं। राज्यसभा चुनाव अभी जल्दी होने वाले हैं। ऐसे में संभावनाएं थीं कि कमलनाथ को राज्यसभा भेजा जा सकता है। इसी बीच कमलनाथ की डिनर डिप्लोमेसी भी देखने को मिली थी, जब उन्होंने अपने समर्थक विधायकों और नेता को घर पर बुलाया था। हालांकि पार्टी की तरफ से अशोक सिंह को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित कर दिया गया।

पांचवां कारण- कांग्रेस में रहकर नकुलनाथ का इस बार छिंदवाड़ा से लोकसभा चुनाव में जीत पाना भी एक चुनौती रह सकता है। ऐसे में कमलनाथ और नकुलनाथ को इस हार का डर भी कहीं ना कहीं हो सकता है। वो इसलिए भी कि पिछली बार मुकाबला कड़ा था और जैसे तैसे करके नकुलनाथ जीत तक पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस में बड़ी टूट की आशंका, आनंद शर्मा और मनीष तिवारी छोड़ सकते हैं पार्टी

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 18 February 2024 at 13:51 IST