अपडेटेड 7 July 2025 at 21:26 IST
Bihar: 'बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, अपराध चरम पर', चिराग पासवान ने NDA सरकार पर ही उठा दिए सवाल
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में बिहार में लगातार हो रही हत्याओं को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सभी पार्टियों ने सियासी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। हाल ही में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने ऐलान भी कर दिया है। बिहार में लगातार हो रही हत्याओं को लेकर चिराग पासवान ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले में हुई 2 लोगों की निर्मम हत्या को लेकर चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, कल नालंदा के बिहारशरीफ में अपराधियों द्वारा 16 वर्षीय हिमांशु पासवान और 20 वर्षीय अनु कुमार की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। ये घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। यह जघन्य घटना न केवल मानवता को झकझोरती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
बिहार में अपराधियों का मनोबल चरम पर- चिराग पासवान
चिराग पासवान ने कहा कि प्रदेश में अपराध चरम पर है। प्रदेश के मुख्यमंत्री के गृह जिले में अपराधियों द्वारा ऐसी घटना को अंजाम देना ये स्पष्ट दर्शाता है कि अपराधियों का मनोबल चरम पर है। स्थानीय प्रशासन से टेलीफोन के जरिए से मेरी बात हुई है। अपराधियों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई हेतु निर्देशित भी किया है।
बीते दिनों हुई हैं कई हत्याएं
चुनाव के ऐलान से पहले बिहार में लगातार हत्याओं से राज्य में कानून के निजाम पर तो सवाल खड़े किए ही हैं, साथ ही ये दिखाता है कि अपराधियों के हौंसले कितने बुलंद हैं। विपक्ष लगातार कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार को घेरने की कोशिश में रहता है। ऐसे में चिराग पासवान के सवाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 7 July 2025 at 21:26 IST