अभिषेक बनर्जी का राहु काल! कीर्ति आजाद को ममता पर भरोसा, मगर TMC का हाल हुआ 'हम्बा-हम्बा, रम्बा-रम्बा'
टीएमसी के कई विधायकों और सांसदों ने ममता बनर्जी का साथ छोड़ दिया है। इस बीच टीएमसी सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने साफ कर दिया कि वो 'दीदी' के साथ खड़े हैं। साथ ही कल्याण बनर्जी का समर्थन करते हुए उनके गुस्से को जायज बताया।
- भारत
- 3 min read
TMC: बंगाल हारते ही तृणमूल कांग्रेस पत्ते की तरह बिखर गई है। ठीक हाल आज 'हम्बा-हम्बा, रम्बा-रम्बा' जैसा हो चुका है, जहां न सांसद और न ही विधायक साथ देने को तैयार हैं। ऊपर से ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के लिए 'राहु काल' ऐसा चला है कि पूरी टीएमसी आज विरोध में आ खड़ी हुई है। बावजूद इसके कीर्ति आजाद जैसे कुछ नेताओं की उम्मीद अब भी ममता बनर्जी से बची हुई है, लेकिन इस उम्मीद को टूटने में कतई देर नहीं लगेगी, अगर ममता बनर्जी का 'भतीजा प्रेम' ऐसे ही ही बना रहा।
गौरतलब है कि पार्टी बगावत और आंतरिक घमासान से जूझ रही है। बीते दिनों ममता बनर्जी के सबसे करीबी सहयोगी कल्याण बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी के व्यवहार को मुद्दा बनाया। इस दौरान उन्होंने यह तक कह दिया कि पार्टी में या तो वे रहेंगे या अभिषेक बनर्जी। ऐसे में कीर्ति आजाद ने कल्याण बनर्जी का समर्थन करते हुए उनके गुस्से को जायज बताया। कल्याण बनर्जी से पहले टीएमसी छोड़ने वाले कई नेता अभिषेक बनर्जी पर मनमानी का आरोप लगा चुके हैं। इतना ही नहीं, कुछ नेताओं ने पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की कमान संभालने वाली कंपनी I-PAC को लेकर भी असंतोष जाहिर किया था।
कल्याण बनर्जी की भावनाओं की कद्र हो- कीर्ति आजाद
कीर्ति आजाद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'कल्याण बनर्जी फाइटर हैं। वह दीदी के साथ शुरू से लेकर अब तक साथ रहे हैं और आगे भी रहेंगे। वह भावुक व्यक्ति हैं और उनकी भावनाओं की कद्र की जानी चाहिए। दीदी बात करेंगी तब सब ठीक हो जाएगा।'
दीदी सब ठीक कर देंगी- कीर्ति आजाद
उनके मुताबिक, जिस तरह एक महत्वपूर्ण कानूनी मामले में उन्हें विश्वास में लिए बिना दूसरे वकील को जिम्मेदारी सौंपी गई, उससे उनकी नाराजगी स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पार्टी को पहले ही कल्याण बनर्जी को इस फैसले की जानकारी दे देनी चाहिए थी। कीर्ति आजाद कहते हैं, 'आखिरी समय में सूचना देना उचित नहीं था। उनका गुस्सा जायज और सही है, लेकिन दीदी के बात करने पर सब कुछ ठीक हो जाएगा।'
बागियों की लिस्ट में शत्रुघ्न का नाम होने पर क्या बोले?
TMC सांसदों की बागियों की लिस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा का नाम शामिल होने का दावा किया जा रहा था। हालांकि, सांसद ने खुद सामने आकर बगावत की अटकलों को खारिज कर दिया। इसे लेकर भी कीर्ति आजाद ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिल्कुल बागियों में उनका नाम चल रहा था। पहले एक लिस्ट 19 लोगों की आई। दोबारा एक लिस्ट आई जिसमें तीन नाम बदले हुए थे। इन्हें समझ ही नहीं आ रहा क्या हो रहा है। परिस्थिति डमाडोल है।
कांग्रेस का TMC होगा विलय?
वह आगे टीएमसी के कांग्रेस में विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर कहते हैं कि कोई विलय नहीं होगा। सब खबरें गलत हैं। गठबंधन में चुनाव लड़ा जाएगा और गठबंधन में ही रहा जाएगा।
बता दें कि पार्टी के 28 में से कथित 20 सांसदों ने ममता बनर्जी के खिलाफ बगावती रुख अपनाया है। ये सांसद अलग गुट बनाएंगे।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ भ्रामक पोस्ट को लेकर FIR दर्ज, मामले में तीन युवक नामजद; सपाईयों ने BJP पर साधा निशाना
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 12 June 2026 at 09:11 IST