अपडेटेड 30 August 2024 at 17:38 IST

BREAKING: झारखंड में JMM को डबल झटका, पूर्व CM चंपई ने थामा BJP का दामन तो सोनाराम ने दिया इस्तीफा

चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा को एक और बड़ा झटका लगा है। कद्दावर JMM नेता सोनाराम बोदरा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

Follow :  
×

Share


undefined | Image: undefined

Sonaram Bodara Resigned from JMM: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन आज ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली है। अभी वो बीजेपी में शामिल हो ही रहे थे कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को एक और बड़ा झटका लगा। कद्दावर जेएमएम नेता सोनाराम बोदरा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अब वो भी चंपई सोरेने के साथ बीजेपी का दामन थामेंगे। वहीं झारखंड की राजधानी रांची में आज असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में चंपई सोरेन ने बीजेपी की सदस्यता स्वीकार कर ली है। 

 

जेएमएम नेता सोनाराम बोदरा पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के करीबियों में से एक हैं। उन्होंने जेएमएम को अपना इस्तीफा भेजकर अपने राजनीतिक गुरु चंपई सोरेन का साथ दिया है। अब वो भी अपने हजारों समर्थकों साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। सोनाराम बोदरा ने अपना इस्तीफा झारखंड मुक्ति मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ शिवेंदु महतो को भेज दिया है। अब सोनाराम बोदरा अपने राजनीति गुरु चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल हो गए हैं।


ग्रामीण और आदिवासी वोटों पर है सोनाराम की मजबूत पकड़

जेएमएम नेता सोनाराम बोदरा के जेएमएम से इस्तीफा देने से पार्टी को झटका लगा है। उनकी गिनती जेएमएम के तेज तर्रार नेता के रूप में होती है। झारखंड राज्य के गठन के साथ ही सोनाराम बोदरा ने अपनी सियासी शुरुआत की थी। उनके सियासी गुरु चंपई सोरेन ही थे। चंपई की अंगुली पकड़कर सियासत का ककहरा सीखने वाले सोनाराम अपने गुरु चंपई के साथ बीजेपी में शामिल होंगे। सोनाराम बोदरा काफी लंबे समय से सरायकेला झामुमो प्रखंड अध्यक्ष पद रहे हैं। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में सोनाराम की पकड़ काफी मजबूत है। 

 

चंपई सोरेन ने बेटे के साथ थामा बीजेपी का दामन

इसके पहले झारखंड की राजधानी रांची में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन अपने बेटे बाबूलाल सोरेन के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता स्वीकार कर ली है। बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने माला पहनाकर दोनों का स्वागत किआ और बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इसके अलावा चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने को लेकर हजारों की संख्या में उनके समर्थक और कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे। इतना ही नहीं, चंपई सोरेन के लगभग 20 हजार समर्थक रांची पहुंचे हुए हैं।

 

पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने बताई JMM छोड़ने की वजह

भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेते समय चंपई सोरेन ने कहा, 'आज मैंने झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। मैं झारखंड के आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और आम लोगों के मुद्दों पर लड़ाई जारी रखूंगा।' चंपई ने अपने पिता और पार्टी के मुखिया शिबू सोरेन को लिखे पत्र में कहा, 'झामुमो की वर्तमान कार्यशैली से व्यथित होकर उन्हें पद छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं झामुमो छोड़ दूंगा जो मेरे लिए परिवार की तरह है...अतीत में घटी घटनाओं ने मुझे बहुत पीड़ा के साथ यह निर्णय लेने के लिए मजबूर किया...मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि पार्टी अपने सिद्धांतों से भटक गई है।'


'...आप आगे भी मेरे मार्गदर्शक बने रहेंगे' - चंपई सोरेन

चंपई सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी छोड़ते हुए कहा, 'अब पार्टी में अपनी पीड़ा व्यक्त करने के लिए कोई मंच नहीं बचा है और आप (शिबू सोरेन) खराब स्वास्थ्य के चलते सक्रिय राजनीति से दूर हो गए हैं, लेकिन आप आगे भी मेरे मार्गदर्शक बने रहेंगे।' इसके पहले इसी सप्ताह की शुरुआत में चंपई सोरेन ने नयी दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया था। वह बुधवार को अपने बेटे के साथ रांची पहुंचे जहां बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

 

मेरा फैसला झारखंड के हित मेंः चंपई सोरेन

चंपई सोरेन ने कहा, 'मेरा फैसला (भाजपा में शामिल होने का) झारखंड के हित में है... मुझे संघर्षों की आदत है।' उनपर निगरानी रखे जाने के आरोप के बारे में पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह किसी भी स्थिति से डरते नहीं हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने इससे पहले आरोप लगाया था कि चंपई सोरेन पिछले पांच महीनों से अपनी ही सरकार की पुलिस की निगरानी में थे।

 

यह भी पढ़ेंः झारखंड के पूर्व CM चंपई सोरेन BJP में शामिल 

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 30 August 2024 at 16:23 IST