अपडेटेड 8 April 2025 at 18:48 IST

'वह साधारण मानव नहीं, बल्कि अवतार हैं', हिमाचल में कंगना रनौत ने बांधे PM मोदी की तारीफों के पुल

Kangana Ranaut on PM Modi: मंडी से सांसद कंगना रनौत ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वह कोई साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि एक अवतार हैं।

Follow :  
×

Share


Kangana Ranaut | Image: PTI

Kangana Ranaut on PM Modi: बॉलीवुड एक्ट्रेस और मंडी से सांसद कंगना रनौत ने पीएम मोदी को लेकर अपनी राय व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री को 'अवतार' करार देते हुए कहा कि वह कोई साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि एक अवतार हैं।

कंगना रनौत का मानना है कि पहले देश में बहुत संघर्ष था। अनुच्छेद-370 के बहाने लूटपाट हो रही थी और महिलाओं का शोषण हो रहा था। कंगना ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में देश को केवल लूटा गया।

कंगना रनौत ने की PM की तारीफ

सोमवार, 7 मार्च को कंगना रंनौत ने जोगेंद्रनगर, बीड़ रोड और लडभड़ोल में कई जनसभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में कंगना ने बताया कि पहले वह चुनावों में भाग नहीं लिया करती थीं। लेकिन, पीएम मोदी के प्रति उनका विश्वास इतना गहरा हो गया कि वे राजनीति में शामिल हो गईं।

'वह साधारण मानव नहीं, बल्कि एक अवतार'

कंगना रनौत ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी 2014 में आए। इसलिए कहा जाता है कि वह साधारण मानव नहीं हैं, बल्कि एक अवतार हैं। जब वह 2014 में आए और हमने यह दिन देखा। इससे पहले तो हम भी राजनीति एक तरह से दुर्भाग्य समझते थे। शर्मिंदगी की बात है लेकिन वोट भी देने नहीं जाते थे। राजनेताओं को लेकर युवाओं के दिलों में तो बहुत  ज्यादा नफरत भरी थी। इनके शासन में घोटाली की भरमार थी। यह सुनकर आम जनता को राजनेताओं से नफरत हो गई थी। मैं तो वोट भी देने नहीं जाती थी।’

'हम ऐतिहासिक वक्फ का हिस्सा बनना चाहते हैं'

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी केंद्र सरकार देशहित में कुछ करती है तो कांग्रेस के नेता और सांसद इसका विरोध करते हैं, फिर चाहे वह विधेयक हो या कोई नया कानून। अपने संबोधन में कंगना ने वक्फ बोर्ड कानून में संशोधन को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि हम भी इस ऐतिहासिक वक्फ का हिस्सा बनना चाहते हैं। कंगना के मुताबिक, इस संशोधन से समान नागरिकता और मालिकाना अधिकार देने का फैसला लिया गया है, लेकिन विपक्ष इसे नकार रहा है।

कंगना ने विक्रमादित्य सिंह पर किया तीखा प्रहार

मंडी से सांसद कंगना ने कांग्रेस के नेताओं, राहुल गांधी और विक्रमादित्य सिंह पर भी हमला बोला। राहुल गांधी को 'सोनिया का लाल' और विक्रमादित्य सिंह को 'राजा बाबू' कहकर कंगना ने दोनों नेताओं को मर्यादा का उल्लंघन करने के लिए जिम्मेदार ठहराया। कंगना ने विक्रमादित्य सिंह पर तंज करते हुए कहा कि वह  अपनी चुनावी हार से उबर नहीं पा रहे हैं और संसद में उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का मजाक बना रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: Waqf Law: 'हम जो कहते हैं वो करते हैं, क्योंकि BJP के नेता गुर्दा और जिगरा रखते हैं', कानून बनने पर फूले नहीं समा रहीं कंगना

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 8 April 2025 at 18:48 IST