अपडेटेड 12 March 2024 at 18:00 IST
हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष के लिए दिग्गज नेता संजय भाटिया के नाम की चर्चा, करनाल सीट हैं सांसद
Haryana Politics News : सूत्रों की मानें तो करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी के सांसद संजय भाटिया हरियाणा बीजेपी के नए अध्यक्ष बन सकते हैं।
Haryana Politics News : नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करली है। जिसके बाद हरियाणा के बीजेपी अध्यक्ष का पद खाली हो गया है। सूत्रों की मानें तो करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी के सांसद संजय भाटिया हरियाणा बीजेपी के नए अध्यक्ष बन सकते हैं।
मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफा देने के बाद भी सीएम पद की रेस में संजय भाटिया का भी नाम आगे आया था। 56 साल के संजय भाटिया फिलहाल करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी के सांसद हैं और हरियाणा बीजेपी के महासचिव भी हैं। उनके पास बीजेपी में संगठन का काम देखने समेत कई बोर्डों के सदस्य और अध्यक्ष रहने का अनुभव है। पंजाबी बैकग्राउंड आने वाले भाटिया छात्र जीवन से राजनीति कर रहे हैं। उनकी गिनती सूबे के जमीनी स्तर के नेताओं में की जाती है।
पहले ही लोकसभा चुनाव में रचा इतिहास
संजय भाटिया ने 2019 में बीजेपी के टिकट पर करनाल सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा को 6,56,142 वोटों के बड़े अंतर से हराया था, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इस चुनाव में संजय भाटिया को 9,11,594 और कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा को 2,55,452 वोट मिले थे।
नायब सिंह सैनी बने सीएम
आगामी लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा की राजनीति में मंगलवार को हुए एक नाटकीय घटनाक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और कुछ ही देर बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की राज्य इकाई के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सैनी के साथ ही कंवरपाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, चौधरी रंजीत सिंह चौटाला, जय प्रकाश दलाल और बनवारी लाल ने मंत्री पद की शपथ ली। नायब सिंह सैनी को खट्टर का करीबी माना जाता है। अक्टूबर के अंत में मुख्यमंत्री के रूप में खट्टर का दूसरा कार्यकाल खत्म होना था।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 12 March 2024 at 17:41 IST