'नेपाल-बांग्लादेश की Gen-Z सरकारें बदल सकते हैं तो हमारे देश की Gen-Z पेपर लीक के जिम्मेदार मंत्रियों को...', NEET पेपर लीक पर बोले केजरीवाल

Arvind Kejriwal on NEET Paper Leak Case: आम आदमी पार्टी ने पेपर लीक होने के बाद नीट परीक्षा रद्द होने पर केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि साल 2014 के बाद से देश में 93 पेपर लीक हो चुके हैं।

Follow :  
×

Share


ARVIND KEJRIWAL on NEET Paper Leak Case | Image: ANI

Arvind Kejriwal on NEET Paper Leak Case: NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर बड़ा हमला बोला है। बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने करोड़ों युवाओं का भविष्य खतरे में डाल दिया है। उन्होंने दावा किया कि साल 2014 के बाद से देश में 93 पेपर लीक हो चुके हैं और इनमें सबसे ज्यादा मामले उन राज्यों में सामने आए हैं जहां भाजपा की सरकार है।

‘CBI उन्हीं को रिपोर्ट करती है जो पेपर लीक करा रहे हैं’

केजरीवाल ने कहा, “2017, 2021 और 2024 में भी पेपर लीक हुए थे। हर बार जांच CBI को दी गई। क्या हुआ उन जांचों का? इस बार भी जांच CBI को सौंप दी गई है। लेकिन CBI आखिर करेगी क्या? CBI उन्हीं लोगों को रिपोर्ट करती है जो देश में पेपर लीक की साजिश रच रहे हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तराखंड जैसे भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। केजरीवाल ने कहा कि NEET 2026 पेपर लीक का एपिसेंटर राजस्थान बताया जा रहा है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। 

‘6 करोड़ युवाओं का भविष्य दांव पर’

AAP प्रमुख ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से करीब 6 करोड़ युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा, “सिस्टम अपने आप नहीं चलता, उसके पीछे लोग बैठे हैं। उन्हें पहचानना होगा, पकड़ना होगा और जेल भेजना होगा।”

केजरीवाल ने युवाओं से आंदोलन करने की अपील करते हुए कहा कि अगर नेपाल और बांग्लादेश के Gen-Z युवा सरकारें बदल सकते हैं, तो भारत के युवा भी पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों को जेल भेज सकते हैं।

‘Gen-Z को सड़क पर उतरना होगा’

प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा, “अगर पेपर लीक रोकना है तो हमारी Gen-Z को आंदोलन करना होगा। सिर्फ सोशल मीडिया पर गुस्सा दिखाने से कुछ नहीं होगा। युवाओं को सड़कों पर उतरना होगा।”

उन्होंने कहा कि वर्षों से परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, लेकिन हर बार जांच और कार्रवाई के नाम पर मामला ठंडा पड़ जाता है।

NEET 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद बढ़ा विवाद

बता दें कि NEET UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई है। केंद्र सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है। NTA ने साफ किया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी। परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। कई छात्र संगठनों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें:  CBSE 12th Result 2026 OUT: सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट जारी, Digilocker और उमंग ऐप पर ऐसे देखें मार्कशीट

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 13 May 2026 at 14:39 IST