'छात्रों का राजनीतिक मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रही कांग्रेस', धर्मेंद्र प्रधान का राहुल गांधी पर हमला, कहा- चर्चा के हर सही रास्ते खुले

राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के PM आवास के बाहर धरना प्रदर्शन को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समाधान के बजाय राजनीति कर रही है और छात्रों को मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रही है।

 
Follow :
राहुल गांधी पर बरसे धर्मेंद्र प्रधान | Image: ANI, X

Dharmendra Pradhan on Rahul Gandhi Protest: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना प्रदर्शन पर सियासी संग्राम मचा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उन पर छात्रों को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल का मकसद कभी भी छात्रों के लिए समाधान खोजना नहीं था, बल्कि राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए हंगामा करना था।

राहुल गांधी पर बरसे धर्मेंद्र प्रधान

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, "विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी संसद के मॉनसून सत्र के दौरान हंगामा करने के लिए छात्रों का राजनीतिक हथियार के तौर पर बेशर्मी से इस्तेमाल कर रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के आवास के बाहर धरना देने का रास्ता चुना, जिससे आम जनता को परेशानी हुई और सुरक्षा के तय नियमों की अनदेखी की गई।"

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विस्तृत चर्चा के लिए तैयार होने की बात कहने के बाद भी कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक तमाशा खड़ा करना चुना। उनका मकसद कभी भी छात्रों के लिए समाधान खोजना नहीं था, बल्कि राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए हंगामा करना था। राहुल गांधी के लिए यह मामला छात्रों से जुड़ा नहीं है। यह मामला चर्चा के हर सही रास्ते के खुले होने के बावजूद टकराव पैदा करने का है।

July 21, 2026

'NEET पर चर्चा के लिए तैयार…'

प्रधान ने यह भी कहा कि हमारी सरकार सदन में NEET पर चर्चा करने और युवाओं की हर जायज चिंता का समाधान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि भारत के छात्र राजनीतिक अभियान में मोहरे की तरह इस्तेमाल किए जाने के बजाय बेहतर व्यवहार के हकदार हैं। वे अराजकता के बजाय निश्चितता, नारों के बजाय समाधान और हंगामे के बजाय जिम्मेदारी के हकदार हैं। हम छात्रों के प्रति केवल आक्रोश दिखाने से कहीं अधिक के लिए जिम्मेदार हैं। हम उन्हें जवाब, सुधार और जवाबदेही देने के लिए जिम्मेदार हैं। हमारी सरकार ठीक यही सब करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली पुलिस ने सांसदों को किया डिटेन

छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के खिलाफ लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने विपक्षी सांसदों के साथ पीएम मोदी के आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरना दिया। इस दौरान वहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद थे।

धरना प्रदर्शन के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह सांसदों से बात करने के लिए पहुंचे। यह बातचीत बेनतीजा रही। इसके बाद उन सभी को पीएम आवास के पास से हटने को कहा गया, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया। हालांकि, बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।

यह भी पढ़ें: 'NEET पर संसद में चर्चा की मांग मान ली तो वो वादे से मुकर गए, फिर उन्होंने इस्तीफे...', केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने Rahul पर लगाए गंभीर आरोप

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 22 July 2026 at 07:18 IST