संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल पास करा पाएगी मोदी सरकार? कुछ पार्टियों ने खोले पत्ते, समझिए पूरा गणित

केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में 'डिलिमिटेशन बिल 2026' पेश करने के लिए तैयार है, लेकिन विधेयक को पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। NCP पवार गुट ने सरकार का समर्थन किया है। संसद में NDA की मौजूदा सदस्य संख्या और अंकगणित इस प्रकार है।

 
Follow :
परिसीमन बिल पास करा पाएगी मोदी सरकार? इन पार्टियों ने खोले पत्ते, समझें पूरा गणित | Image: X/Republic

केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में 'परिसीमन विधेयक, 2026' पेश करने जा रही है। कैबिनेट ने इस विधेयक को मंजूरी दे दी है, जिसमें सभी राज्यों के लिए सीटों की संख्या में आनुपातिक रूप से 50 प्रतिशत की वृद्धि करने का प्रस्ताव है।

'परिसीमन विधेयक, 2026' में केंद्र सरकार ने महिलाओं के आरक्षण के लिए एक विशेष प्रावधान जोड़ा है। धारा 10 के अनुसार, लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए आवंटित सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। साथ ही, प्रत्येक राज्य की विधानसभा में कुल सीटों की संख्या में भी 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी।

हालांकि, अब सवाल है कि क्या मोदी सरकार के पास 'परिसीमन विधेयक, 2026' बिल पास करवाने के लिए पर्याप्त सांसद है, क्योंकि विधेयक को पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। संसद में NDA की मौजूदा सदस्य संख्या और अंकगणित इस प्रकार है।

केंद्र के पास दो-तिहाई बहुमत और संभावित सियासी समीकरण

NDA वह बिल पेश करने जा रहा है, जिसे 17 अप्रैल को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल पाया था। विशेष सत्र में विधेयक को पारित कराने के लिए उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों का दो-तिहाई बहुमत आवश्यक होगा।

543 सदस्यों वाले सदन में अभी 5 रिक्तियां हैं, जिससे प्रभावी संख्या 538 रह जाती है। इस हिसाब से दो-तिहाई बहुमत के लिए लगभग 359 वोटों की जरूरत होगी। संसदीय मामलों पर नजर रखने वालों का मानना है कि नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) - जिसके पास अभी लगभग 320 सदस्य हैं, को जरूरी आंकड़े तक पहुंचने के लिए अन्य दलों से भी समर्थन मांगना पड़ सकता है।

NCP पवार गुट ने खोले अपने पत्ते

'इंडी' (INDI) गठबंधन का हिस्सा और लोकसभा में 8 सीटों वाली नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने संसद में पेश होने वाले इस बिल का समर्थन करने की पेशकश की है। जितेंद्र आव्हाड ने बताया कि पार्टी प्रमुख शरद पवार से चर्चा के बाद, उनकी पार्टी आगामी परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी।

आव्हाड ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "यह बातचीत हमारी पार्टी के आधिकारिक रुख के बारे में नहीं थी। मुख्य बात यह थी कि परिसीमन प्रक्रिया एक संवैधानिक आवश्यकता है... हमने परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का फैसला किया है, और हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करेंगे।"

November 27, 2026

DMK ने मोदी सरकार को दिया समर्थन!

वहीं, DMK (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) ने मोदी सरकार को परिसीमन पर कुछ शर्तों के साथ समर्थन देना का संकेत दिया है। DMK सांसद पी. विल्सन ने शुक्रवार को कहा कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर उनकी पार्टी की दो ऐसी मांगें हैं जिन पर कोई समझौता नहीं हो सकता।

इनमें 1971 की जनगणना के आधार पर तमिलनाडु के मौजूदा 7.18 प्रतिशत संसदीय प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखना और जनसंख्या के आधार पर होने वाले परिसीमन को 25 साल तक के लिए रोकना शामिल है। अब सबकी नजर इस पर है कि एनडीए आवश्यक समर्थन जुटा पाता है या विपक्षी अनुपस्थिति से कम होने वाली मतदान सीमा का लाभ मिलता है।

ये भी पढ़ें: दीपाथून पत्थर खंभे पर 28 नवंबर को कार्तिगई दीपम जलाने का सुप्रीम कोर्ट ने दिया निर्देश, भारी संख्या में CRPF की होगी तैनाती, भक्त भी हो सकेंग शामिल
 

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 27 November 2026 at 23:21 IST