अपडेटेड 10 November 2024 at 15:41 IST

Delhi में चुनाव से पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका, सीलमपुर से 5 बार के विधायक AAP में शामिल

AAP: दिल्ली की सलीमपुर विधानसभा सीट से मतीन अहमद कांग्रेस के 5 बार विधायक रहे हैं। चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ AAP का दामन थाम लिया।

Follow :  
×

Share


AAP में शामिल हुए मतीन अहमद | Image: X

Delhi News: दिल्ली में होने वाले चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और 5 बार विधायक रहे मतीन अहमद ने AAP का दामन थाम लिया है। पूर्व CM अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन की।

जान लें कि दिल्ली की सलीमपुर विधानसभा सीट से मतीन अहमद कांग्रेस के 5 बार विधायक रहे हैं। हालांकि अब उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और चुनाव से पहले AAP से जुड़ गए हैं।

‘…और मजबूत होती AAP’

AAP ने अपनी पार्टी में मतीन अहमद का स्वागत किया। एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, "दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले और मजबूत होती AAP। 5 बार विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी मतीन अहमद जी ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवल की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।"

5 बार विधायक रहे हैं मतीन अहमद

साल 1993 से 2015 तक मतीन अहमद सीलमपुर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रहे। हालांकि साल 2015 और 2020 के चुनावों में आम आदमी पार्टी ने इस सीट पर कब्जा जमाया था। 2015 में AAP की टिकट से मोहम्मद इशराक जीतकर विधायक बने, तो वहीं साल 2020 में अब्दुल रहमान ने इस सीट से जीत दर्ज की थी।

इसके अलावा मतीन दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष भी रहे चुके हैं। जब दिल्ली की कमान शीला दीक्षित के हाथों में थीं, तो उनके सीएम रहते हुए उन्हें दिल्ली वक्फ बोर्ड का अध्यक्ष भी बनाया गया था। माना जाता है कि दिल्ली मुस्लिम मतदाता प्रभाव वाले 10 विधानसभा क्षेत्रों में उनकी अच्छी खासी पकड़ है।

बेटे ने पहले ही ज्वाइन कर ली थी AAO

बता दें कि मतीन के बेटे चौधरी जुबेर और कांग्रेस पार्षद शगुफ्ता चौधरी ने पहले ही आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली थीं। चौधरी जुबेर कांग्रेस बाबरपुर के जिलाध्यक्ष थे। वहीं शगुफ्ता चौधरी चौहान बांगर से कांग्रेस पार्षद थीं।

गौरतलब है कि दिल्ली में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इन चुनावों में जहां BJP की कोशिश सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी को हराने की होगी। तो वहीं, कांग्रेस दिल्ली की चुनावी जंग को त्रिकोणीय मुकाबला बना सकती है।

यह भी पढ़ें: 12 करोड़ की टॉयलेट सीट, 28.91 लाख का टीवी... दिल्ली के CM आवास मुद्दे पर BJP ने केजरीवाल को फिर घेरा

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 10 November 2024 at 15:41 IST