'वंदे मातरम' के सम्मान में खड़े रहे CM उमर अब्दुल्ला, तो कांग्रेस को चुभ गई बात; BJP ने कांग्रेस को बताया 21वीं सदी की मुस्लिम लीग

अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान वंदे मातरम् का पूरा संस्करण गाया गया। इस गीत के सम्मान में सीएम उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी खड़े रहे। इसे लेकर कांग्रेस भड़क गई और पार्टी के साथ खड़े होने की अपील कर डाली। अब बीजेपी ने कांग्रेस को नई मुस्लिम लीग बताया है।

 
Follow :
Congress NC Vande Mataram Row | Image: X

Vande Mataram Row: जम्मू-कश्मीर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पूरे 'वंदे मातरम्' गीत के सम्मान में खड़े रहे, जिस पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई। वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने स्पष्ट किया कि गठबंधन का मतलब शर्तें थोपना नहीं है। इसी बीच बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे '21वीं सदी की नई मुस्लिम लीग' करार दिया और अलगाववादी ताकतों के सामने झुकने का आरोप लगाया।

बीजेपी सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर वीडियो जारी कर कहा, 'वंदे मातरम् को सम्पूर्ण रूप से गाने के संसद द्वारा पारित नियम के बावजूद कांग्रेस ने संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के द्वारा जो बात कही है, उससे एक बात साफ हो गई कि इस समय सम्पूर्ण 'वंदे मातरम्' गाने में कांग्रेस के सहयोगी दलों को भी कोई आपत्ति नहीं है। यहां तक की NCP और नेशनल कॉन्फ्रेंस तक के नेता इसके सम्पूर्ण गायन में सम्मिलित हो रहे हैं, मगर कांग्रेस को आपत्ति है। ऐसे में अब साफ हो गया है कि अब इसमें किसी प्रकार का संदेह नहीं रह गया है कि कांग्रेस 21वीं सदी की मुस्लिम लीग बन चुकी है। यह कुलरिज्म का नकाब जो चेहरे पर था वो उतर चुका है। साथ ही मुस्लिम लीग कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ गया है।'

सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस को लिया आड़े हाथ

सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा, 'केसी वेणुगोपाल ने जो कुछ कहा, जिसमें उन्होंने तमाम बड़े नेताओं का नाम लिया। इनमें महात्मा गांधी से लेकर सरदार पटेल और राजेंद्र बाबू का नाम शामिल है। मैं पूछना चाहता हूं आपके गृह राज्य केरल में, जहां से राहुल गांधी सांसद रह चुके हैं और प्रियंका गांधी सांसद हैं और जहां से आपका मुख्यमंत्री है, इसके बावजूद कांग्रेस के नेता प्रथम दो छंद भी नहीं बोल रहे। ऐसे में आप अपने संविधान निर्माताओं का अपमान कर रहे हैं।'

September 8, 2026

'कट्टरपंथी ताकतों के आगे आत्मसमर्पण कर चुकी कांग्रेस'

उन्होंने आगे कहा, 'अब दिमागी नक्सल कांग्रेस मुस्लिम लीग कांग्रेस के रूप में तब्दील हो चुकी है। उसने कट्टरपंथी ताकतों के आगे पूर्ण रूप से आत्मसमर्पण कर दिया है। आज उस कांग्रेस का कोई कनेक्शन नहीं है आज की कांग्रेस से, जिन नेताओं का नाम केसी वेणुगोपाल के ट्वीट में है। आज की कांग्रेस मुस्लिम लीग का 21वीं सदी का स्वरूप बन चुकी है।'

वेणुगोपाल ने NC से की थी अपील

कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कार्यक्रम का वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए सहयोगी दल नेशनल कॉन्फ्रेंस से पार्टी के साथ खड़े होने की अपील की। उन्होंने लिखा, ''वंदे मातरम्' का पूरा संस्करण उस मिली-जुली और अनेकतावादी सोच के साथ मेल नहीं खाता, जिसकी कल्पना हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत के लिए की थी और जिसे उन्होंने संवारा था। हमारे लिए महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस, राजेंद्र प्रसाद, आचार्य नरेंद्र देव, मौलाना आजाद, सरोजिनी नायडू और जे.बी. कृपलानी का सुविचारित निर्णय- जिसे गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की सलाह से आकार दिया गया-  सर्वोपरि है।'

September 8, 2026

हमारा साथ दें सहयोगी पार्टी- कांग्रेस

उन्होंने आगे लिखा, 'हम सम्मान और विनम्रता के साथ अपने सहयोगियों से आग्रह करते हैं कि वे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की समझदारी और निर्णय का सम्मान करें। साथ ही इस खूबसूरत और ऐतिहासिक गीत के उसी संस्करण को गाने में हमारा साथ दें जिसे उन्होंने अपनाया था। उस संस्करण को जान-बूझकर चुना गया था ताकि इस गीत को सांप्रदायिक रंग न दिया जा सके। यह खतरा आज भी उतना ही वास्तविक है जितना उस समय था। इसे बनाए रखकर ही हम अपने गणतंत्र के धर्मनिरपेक्ष और समावेशी स्वरूप को बनाए रख सकते हैं।'

क्या है पूरा मामला?

श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान वंदे मातरम् का पूरा संस्करण गाया गया। इस गीत के सम्मान में सीएम उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी खड़े रहे।

कांग्रेस की नसीहत पर NC का जवाब

इस पर कांग्रेस की आपत्ति के बाद NC नेता बशीर अहमद ने साफ कहा कि गठबंधन सहयोगी होने का मतलब यह नहीं है कि कांग्रेस यह तय करे कि कितना गीत गाना है और कैसे गाना है। उन्होंने कहा कि वेणुगोपाल को सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने का अधिकार है। लेकिन वे किसी पर इसे थोप नहीं सकते। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी लोगों पर कुछ थोपने के खिलाफ है।

यह भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री के 'नॉनवेज' वाले बयान पर गहराया विवाद, कांग्रेस ने दर्ज कराई शिकायत; दिलीप घोष बोले- बंगाल में खान-पान पर कोई रोक नहीं

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 9 September 2026 at 12:39 IST