अपडेटेड 18 August 2024 at 20:41 IST
'चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने से ‘इंडी’ को कोई फर्क नहीं पड़ेगा', कांग्रेस नेता का बयान
Jharkhand News: कुमार ने दावा किया कि अगर सोरेन पाला बदलते हैं तो इससे राज्य में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच दरार पैदा हो जाएगी।
New Delhi: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच कांग्रेस नेता अजय कुमार ने रविवार को दावा किया कि झामुमो नेता के विरोधी खेमे में शामिल होने से राज्य में सत्तारूढ़ ‘इंडिया’ गठबंधन को कोई समस्या नहीं होगी।
कुमार ने दावा किया कि अगर सोरेन पाला बदलते हैं तो इससे राज्य में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच दरार पैदा हो जाएगी।
चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर एक सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सत्तारूढ़ गठबंधन को कोई समस्या नहीं होगी क्योंकि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस साल विधानसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन का चेहरा होंगे। लेकिन इससे निश्चित रूप से भाजपा नेताओं के बीच दरार पैदा होगी।’’
कांग्रेस नेता ने पूछा, ‘‘अगर चंपई सोरेन भाजपा में शामिल हो जाते हैं, तो वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा कहां जाएंगे? हो सकता है, भाजपा नेतृत्व ने वरिष्ठ आदिवासी नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाने का प्रयास किया हो। भाजपा की अपने नेताओं का अपमान करने की आदत है।’’
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच रविवार को दिल्ली पहुंचे।
सोरेन के एक करीबी सहयोगी ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री रविवार को कोलकाता से राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुए। उन्होंने और ब्योरा देने से इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ेंः '...लेकिन हालात ऐसे बना दिए', BJP में शामिल होने की अटकलों पर आया चंपई सोरेन का बयान; दिए ये संकेत
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 18 August 2024 at 20:41 IST