दिल्ली में आज रात BJP का 'डिनर प्रोग्राम'... 6 जगहों पर जुटेंगे सांसद, परिसीमन बिल पर होगा महामंथन
सोमवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले भारतीय जनता पार्टी परिसीमन बिल को लेकर अपनी अंतिम रणनीति तैयार कर रही है। इस महत्वपूर्ण विधेयक पर समन्वय और चर्चा के लिए आज रात विभिन्न राज्यों के सांसदों के लिए केंद्रीय मंत्रियों के आवासों पर डिनर का आयोजन किया गया है।
- भारत
- 3 min read
संसद का आगामी सत्र शुरू होने से पहले बीजेपी और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार से शुरू हो रही संसदीय कार्यवाही के मद्देनजर, बीजेपी ने रविवार रात अपने सांसदों के साथ समन्वय और रणनीति बनाने के लिए विशेष रात्रिभोज (डिनर) बैठकों का आयोजन किया है। दूसरी ओर, सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले एक प्रमुख संविधान संशोधन विधेयक को लेकर विपक्षी 'INDIA' गठबंधन ने विरोध की तैयारी कर ली है।
मंत्रियों के आवास पर क्षेत्रवार डिनर बैठकें
रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी नेतृत्व ने सांसदों को उनके राज्यों और क्षेत्रों के आधार पर विभिन्न समूहों में बांटा है। इन बैठकों की मेजबानी की जिम्मेदारी प्रमुख केंद्रीय मंत्रियों को सौंपी गई है, ताकि सत्र से पहले महत्वपूर्ण विधायी मुद्दों पर आपसी तालमेल मजबूत किया जा सके। पूर्वोत्तर राज्य राज्यों के सांसद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के आवास पर एकत्र होंगे। यूपी के सांसदों के लिए केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के घर पर रात्रिभोज रखा गया है। मध्य प्रदेश के सांसद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर और छत्तीसगढ़ के सांसद केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के घर पर जुटेंगे।
दिल्ली व हरियाणा के सांसदों की मेजबानी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर करेंगे, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के सांसद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर डिनर करेंगे। इन बैठकों से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने आवास पर पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। पार्टी का लक्ष्य है कि सदन के भीतर विपक्ष के संभावित विरोध का सामना करने के लिए सभी सांसद एकजुट होकर सरकार का पक्ष रखें।
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 का प्रस्ताव
इस सत्र में सरकार का मुख्य जोर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी एजेंडे को पारित कराने पर है। जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करने जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं के लिए एक-तिहाई (33 प्रतिशत) आरक्षण लागू करना है।
अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य शामिल होंगे। विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए अधिकतम सीमा को 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव रखा गया है। इन नई सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को वर्ष 2051 तक के लिए स्थिर (फ्रीज) रखा जाएगा।
विपक्ष का रुख और राजनीतिक विरोध
संसद सत्र में इस विधेयक को लेकर तीखी बहस होने के आसार हैं। विपक्षी 'INDIA' गठबंधन ने इस प्रस्तावित विधेयक का एकजुट होकर विरोध करने का निर्णय लिया है। विपक्षी दलों का आरोप है कि इस कदम से अनुसूचित जातियों (SC) और अनुसूचित जनजातियों (ST) के हितों को नुकसान पहुंचेगा। गठबंधन के नेताओं ने इसे बीजेपी और आरएसएस की ओर से सत्ता पर स्थायी नियंत्रण बनाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास करार दिया है। वहीं, बीजेपी नेतृत्व अपने सांसदों को पूरी तैयारी के साथ सदन में इन आरोपों का जवाब देने और विधेयक पारित कराने के लिए तैयार कर रहा है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 29 November 2026 at 18:11 IST