अपडेटेड 5 December 2024 at 12:36 IST
राहुल को संभल जाने से रोकने पर BJP सांसद का तंज- 'सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने में व्यस्त, चाहते तो..'
हिंसा प्रभावित संभल जाने से कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा को रोकने पर बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
Sambhal Rahul News: हिंसा प्रभावित संभल जाने से कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा को रोकने पर बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, 'अगर राहुल गांधी सांसद और विपक्ष के नेता हैं, तो उन्हें संसद में उपस्थित होना चाहिए था, जहां भारत के 140 करोड़ लोगों की समस्याओं को उजागर किया गया है।' पाल ने कहा कि, 'वह इस मुद्दे को संसद में उठा सकते थे, लेकिन उन्हें संसद सत्र चलाने में कोई दिलचस्पी नहीं है।
प्रशासन स्थिति को सामान्य कर रहा है और न आने का आदेश दिया गया है। अगर वह शांति सुनिश्चित करना चाहते थे, तो वह यह कर सकते थे।' पाल ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे इस समय संसद में महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की बजाय, केवल राजनीतिक लाभ उठाने के प्रयासों में व्यस्त हैं।
संभल हिंसा पर जमकर हो रही राजनीति
राहुल गांधी ( Rahul Gandhi ) और उनकी बहन सांसद प्रियंका गांधी ने जब संभल जाने की कोशिश की तो यूपी पुलिस ने उनको यूपी की सीमा से ही वापस भेज दिया। राहुल गांधी भले ही संभल न जा पाए हो लेकिन उसको लेकर राजनीति जमकर हुई। विपक्ष ने जहां सत्ता पक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश का आरोप लगाया तो सत्ता पक्ष की तरफ से राहुल गांधी (Rahul Gandhi) राजनीतिक स्टंट बताया गया। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी लगभग 2 घंटे तक UP की सीमा पर खड़े रहे लेकिन जब प्रशासन अनुमति नहीं मिली तो वह वापस लौट गए। लेकिन कांग्रेसी सांसद गौरव ने कहा कि राहुल गांधी अमन का पैगाम लेकर संभल जाना चाह रहे थे ऐसे में आखिर उनका उस पैगाम के साथ वहां क्यों नहीं जाने दिया गया, किस बात का डर था।
समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि ऐसा ही हल जब सपा का प्रतिनिधिमंडल संभल जा रहा था तो दौरान उसके साथ भी किया गया था। यूपी पुलिस और संभल का प्रशासन विपक्ष के नेताओं को वहां जाने नहीं दे रहा, आखिर क्या छुपाने की कोशिश हो रही है? डिंपल यादव ने कहा कि विपक्ष के नेता वहां राजनीति करने नहीं जा रहे थे बल्कि संभल हिंसा में घायल हुए और मारे गए लोगों के परिवार वालों के साथ संवेदना प्रकट करने के लिए जा रहे थे।
मैं अकेला वहां जाने को तैयार हूं- राहुल गांधी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम संभल जाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस मना कर रही है। नेता विपक्ष होने के नाते मेरा अधिकार बनता है वहां जाने का, लेकिन तब भी जाने नहीं दिया जा रहा। मैं अकेला वहां जाने को तैयार हूं, लेकिन ये बात भी नहीं मानी गई। हम सिर्फ संभल जाना चाहते हैं। वहां के लोगों से मिलना चाहते हैं। लेकिन हमारा संवैधानिक अधिकार हमें नहीं दिया जा रहा। यही है नया हिंदुस्तान, जिसमें संविधान को खत्म करने का काम किया जा रहा है।
बीजेपी ने किया हमला
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि राहुल गांधी फोटो ऑप के लिए संभल जा रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ ही समय पहले कोलकाता के आरजीकर अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ नृशंस हत्याकांड हुआ था। इससे पूरा देश सहम गया था, लेकिन राहुल गांधी वहां नहीं गए। इसी तरह पालघर, जयपुर, कोल्हापुर और तमिलनाडु में भी राहुल गांधी नहीं गए क्योंकि इसमें उनको राजनीतिक लाभ नहीं दिखाई दे रहा था। बीजेपी नेता ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे मामलों में भी विपक्ष राजनीतिक गोटियां खेल रहा है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 5 December 2024 at 12:19 IST