अपडेटेड 28 January 2024 at 17:40 IST
स्पीकर कौन, नीतीश सरकार में JDU-BJP के कितने-कितने मंत्री? क्या 2020 वाले फॉमूले पर बनी है बात
नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने महागठबंधन सरकार को गिराते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। अब नीतीश और बीजेपी की नई सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई है।
Bihar New Cabinet: 2020 में बिहार में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और नीतीश कुमार के गठबंधन को जनता ने चुना था। बीजेपी-जदयू की जोड़ी के साथ एनडीए ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था। करीब दो साल बाद अगस्त 2022 में नीतीश कुमार का मन बीजेपी से खट्टा हो गया और वो लालू यादव की पार्टी के साथ जाकर महागठबंधन में शामिल हो गए। हालांकि बिहार में करीब डेढ़ साल बाद ये घटनाक्रम फिर पलट गया है। नीतीश कुमार फिर से एनडीए के साथ आ गए हैं।
नीतीश कुमार के महागठबंधन से रिश्ता तोड़ने के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल बदला है और अब सरकार बदलने की बारी आ चुकी है। नीतीश कुमार ने महागठबंधन सरकार को गिराते हुए रविवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। अब नीतीश कुमार ने बीजेपी के साथ मिलकर नई सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है।
माना जा रहा है कि रविवार शाम तक नीतीश कुमार फिर से सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ कुछ विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। इसके अलावा दो डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं। अभी 8 नाम सामने आए हैं, जिन्हें रविवार को राजभवन में शपथ दिलाई जा सकती है।
नीतीश कुमार के नए सिपाही कौन-कौन? (संभावित नाम)
- सम्राट चौधरी (BJP)
- विजय सिन्हा (BJP)
- प्रेम कुमार (BJP)
- विजय चौधरी (JDU)
- बिजेंद्र यादव (JDU)
- श्रवण कुमार (JDU)
- संतोष कुमार सुमन ( HAM)
- सुमित कुमार सिंह (निर्दलीय)
अभी आधिकारिक तौर पर मंत्रियों के नामों का ऐलान नहीं हुआ है। इसके अलावा ये भी तय नहीं हुआ है कि बीजेपी-जदयू की नई सरकार बनने के बाद विधानसभा का स्पीकर कौन होगा।
क्या था 2020 का मंत्रियों वाला फॉर्मूला?
2020 के चुनावों में बीजेपी 243 विधानसभा सीटों में से 78 सीटें जीतकर एनडीए के अंदर सबसे बड़ी और राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी। उस समय नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के खाते में 45 सीटें आई थीं। हालांकि एनडीए को कुल 125 सीटों पर जीत मिली थी।
उस समय राज्य की दूसरी सबसे बड़ी और एनडीए में नंबर एक वाली पार्टी बीजेपी ने नीतीश कुमार को ही सीएम बनाया था। हालांकि बीजेपी की तरफ से दो डिप्टी सीएम बनाए गए थे। उस समय बिहार गठन के बाद मंत्रिपरिषद में बीजेपी कोटे से 7 विधायक, जदयू कोटे से 5, HAM और VIP दलों से एक-एक विधायक को मंत्रीपद दिया गया था।
यह भी पढ़ें: 'राज्यों में कांग्रेस सत्ता हड़पना चाहती है...', NDA का दामन थामने के बाद JDU का INDI पर बड़ा हमला
2020 का बिहार मंत्रिमंडल
- सीएम नीतीश कुमार (JDU)
- डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद (BJP)
- डिप्टी सीएम रेणु देवी (BJP)
- विजय चौधरी (JDU)
- बिजेंद्र प्रसाद यादव (JDU)
- मेवालाल चौधरी (JDU)
- शीला मंडल (JDU)
- अशोक चौधरी (JDU)
- संतोष सुमन मांझी (HAM)
- मुकेश सहनी (VIP)
- मंगल पांडेय (BJP)
- अमरेंद्र प्रताप सिंह (BJP)
- डॉ. रामप्रीत पासवान (BJP)
- जीवेश मिश्रा (BJP)
- रामसूरत राय (BJP)
2020 के बिहार मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत 15 मंत्रियों में से सवर्ण समुदाय से 5, पिछड़ा वर्ग से 7 और दलित समुदाय से 3 विधायकों को जगह दी गई थी। फिलहाल संभावनाएं हैं कि ये नया गठबंधन 2020 वाले फॉमूले पर आगे बढ़ सकता है।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 28 January 2024 at 14:15 IST