'आपका विश्वास, प्यार और मार्गदर्शन...', MLC उम्मीदवार बनने पर पवन सिंह का आया पहला रिएक्शन, पावर स्टार ने यूं जताई खुशी
Pawan Singh News: BJP ने बिहार में होने वाले विधान परिषद के चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है, जिसमें पवन सिंह का भी नाम शामिल है। उम्मीदवार बनाए जाने पर खुशी जताते हुए पवन ने पीएम मोदी का आभार जताया।
- भारत
- 2 min read
Pawan Singh MLC Candidate: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार विधान परिषद चुनाव (MLC) में बड़ा दांव चलते हुए भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को मैदान में उतारा है। पार्टी ने उनके धैर्य का इनाम दिया है। MLC उम्मीदवारी मिलने पर पवन सिंह का पहला रिएक्शन आया है। उन्होंने इसके लिए पार्टी का आभार जताया है।
पवन सिंह ने शेयर किया पोस्ट
टिकट मिलने पर खुशी जताते हुए पावर स्टार पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नबीन, सीएम सम्राट चौधरी को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, "आपके विश्वास, स्नेह और मार्गदर्शन को जनसेवा के संकल्प में बदलने का पूरा प्रयास करूंगा।"
उतार-चढ़ाव से भरा पवन सिंह का राजनीतिक सफर
पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा के बड़े चेहरे हैं। उन्हें भोजपुरी सिनेमा का 'पावर स्टार' भी कहा जाता है। एक्टर-सिंगर का जन्म 5 जनवरी 1986 को बिहार के आरा में हुआ। उन्होंने इंडस्ट्री में कई सुपरहिट गानों से लाखों दिल जीते हैं। उनके राजनीतिक सफर की बात करें तो पवन सिंह ने 4 सितंबर 2017 को BJP ज्वॉइन की थी। शुरू में वे पार्टी के लिए प्रचार और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे।
2024 लोकसभा चुनाव में BJP ने उन्हें पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। वे बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। जब NDA उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा को वहां से टिकट मिला, तो पवन सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन कर दिया। इससे विवाद खड़ा हो गया।
मई 2024 में BJP ने उन्हें अनुशासनहीनता और एंटी-पार्टी एक्टिविटी के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया। काराकाट से पवन सिंह चुनाव जीत नहीं सके। इस सीट पर CPI (ML) के राजाराम सिंह कुशवाहा विजयी हुए।
BJP में की वापसी, फिर…
अक्टूबर 2025 में उन्होंने BJP में वापसी की थी। तब बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए वे पक्के उम्मीदवार माने जा रहे थे। उन्होंने खुद घोषणा की थी कि वे बिहार असेंबली चुनाव लड़ेंगे, लेकिन बाद में उन्होंने अपना फैसला बदला। उस दौरान उनका पत्नी ज्योति सिंह संग तलाक को लेकर विवाद काफी सुर्खियों में था। वहीं, ज्योति ने काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा, लेकिन अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकीं। अब बीजेपी ने पवन सिंह को MLC चुनाव में उम्मीदवार बनाकर आखिरकार उनके धैर्य और पार्टी के प्रति निष्ठा का इनाम दे दिया है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 6 June 2026 at 08:09 IST