अपडेटेड 18 December 2024 at 17:00 IST

कांग्रेस वोटबैंक की राजनीति के लिए बाबा साहेब के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रही: BJP

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के अपमान के आरोप का सामना कर रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बचाव किया।

Follow :  
×

Share


JP Nadda | Image: PTI

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के अपमान के आरोप का सामना कर रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बचाव किया और कहा कि संविधान निर्माता के जीवित रहते हुए कांग्रेस ने उनका घोर अपमान किया तथा आज वह वोटबैंक की राजनीति के लिए उनके नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रही है।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कल संसद में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस द्वारा किए गए बाबा साहब के घोर अपमान के संदर्भ में कांग्रेस व उनके नेताओं को तथ्य और तर्कों के माध्यम से स्पष्ट आईना दिखाया था। दलित और आंबेडकर विरोधी कांग्रेस का सच सामने आने पर बौखलाए कांग्रेसियों ने झूठा नैरेटिव (विमर्श) गढ़ने का प्रयास किया है!’’ उन्होंने कहा, ‘‘बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवित रहते हुए कांग्रेस ने उनका घोर अपमान किया, आज कांग्रेस वोटबैंक की राजनीति के लिए उनके नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रही है!’’

नड्डा की यह टिप्पणी कांग्रेस के उस आरोप के मद्देनजर आई है, जिसमें कहा गया है कि शाह ने राज्यसभा में ‘भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा’ विषय पर दो दिन तक चली चर्चा का जवाब देते हुए मंगलवार को अपने संबोधन के दौरान बाबासाहेब का अपमान किया। मुख्य विपक्षी दल ने शाह के संबोधन का एक वीडियो अंश भी जारी किया जिसमें गृह मंत्री विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए यह कहते सुने जा सकते हैं कि , ‘‘अभी एक फैशन हो गया है- आंबेडकर, आंबेडकर...। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।’’

नड्डा ने कहा कि देश की जनता जानती है कि ‘कुंठित कांग्रेसी’ आरंभ से ही आंबेडकर विरोधी रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया जाना, सेंट्रल हॉल (संसद के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष) में उनका चित्र न लगाया जाना, स्मृति भवनों को सहेजने का प्रयास नहीं किया जाना, तत्कालीन कांग्रेस सरकार की ओर से देश की राजधानी दिल्ली में उन्हें जगह तक नहीं देना इत्यादि अनेक उदाहरण हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अपनी इस ओछी मानसिकता को छिपाने की कोशिश में लगी कांग्रेस का ये कुत्सित प्रयास कभी सफल नहीं होगा।’’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब का उनके जीवन काल और उसके उपरांत दशकों तक व्यवस्थित रूप से अपमान और तिरस्कार किया है जबकि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने आंबेडकर और उनसे जुड़े सभी स्थलों का श्रद्धापूर्वक सम्मान किया है। उन्होंने कहा, ‘‘यही बात गृह मंत्री अमित शाह ने कल संसद में तथ्यों, तर्कों और प्रमाणों के साथ रखी है। इसी सच्चाई को छुपाने के लिए कांग्रेस ओछी राजनीति कर रही है।’’

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सोच पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति, गरीब और संविधान विरोधी है, जो उनकी कथनी और करनी में साफ़ स्पष्ट होता है। उन्होंने कहा, ‘‘आधुनिक भारत के निर्माण में बाबा साहेब आंबेडकर की भूमिका बहुत व्यापक और विराट है, मगर कांग्रेस द्वारा उन्हें जानबूझ कर कभी वह श्रेय नहीं दिया गया, जिसके वह सच्चे हकदार थे।’’

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 18 December 2024 at 17:00 IST