अपडेटेड 26 February 2026 at 14:57 IST
Asaduddin Owaisi: इजरायल में PM मोदी, क्यों तिलमिला उठे असदुद्दीन ओवैसी? बोले- गाजा में 15 मिनट...
असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी के इजरायल दौरे पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री ने एक वॉर क्रिमिनल को गले लगाया जिसके खिलाफ वारंट था।
Asaduddin Owaisi: AIMIM चीफ और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस कदम को फिलिस्तीन के साथ 'विश्वासघात' बताया और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को 'वॉर क्रिमिनल' करार दिया।
ओवैसी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर गाजा की स्थिति को 'नरसंहार' करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रधानमंत्री का इजरायल दौरा करना, जब गाजा में हालात बहुत गंभीर है, फिलिस्तीन के लिए भारत के समर्थन के साथ 'धोखेबाजी' है।
PM के नेतन्याहू को गले लगाने पर भड़के ओवैसी
उन्होंने कहा कि गाजा के 'नरसंहार' को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री ने एक वॉर क्रिमिनल को गले लगाया जिसके खिलाफ वारंट था। यह भारत की स्थापित विदेश नीति की भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि पीएम मोदी का दौरा खत्म होने के बाद US ईरान पर हमला कर दे।
'गाजा में सिर्फ 15 मिनट के लिए जाएं…'
ओवैसी ने जारी किए वीडियो में कहा, 'बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट का वारंट है। वह इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड नहीं जा सकते, अगर गए तो उन्हें पकड़ लिया जाएगा। मैं देश के प्रधानमंत्री से पूछता हूं कि आप इजरायल जा रहे हैं। आप नेतन्याहू को बोलकर गाजा में सिर्फ 15 मिनट के लिए जाकर देख लीजिए, वहां 30 लाख के करीब लोग रहते हैं, वो खंडहर बन चुका है। बेंजामिन नेतन्याहू ने बमबारी कर-करके गाजा को बर्बाद कर दिया। हम याद दिला रहे हैं कि नेतन्याहू के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट का वारंट है। इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में उनके खिलाफ केस चल रहा है'
औवेसी का बीजेपी पर तीखा प्रहार
उन्होंने आगे कहा, 'अगर कल आरएसएस या बीजेपी का कोई शख्स उठकर बोलेगा कि ओवैसी आपने बेंजामिन नेतन्याहू के बारे में ऐसा क्यों कहा, तो मैं जानता हूं कि वो आपके भाईजान है, लेकिन मेरे नहीं है। यह वही इंटरनेशनल कोर्ट है, जहां भारत गया था क्योंकि देश का नागरिक जिसका नाम कुलभूषण जाधव है वो पाकिस्तान की जेल में सड़ रहा है।'
AIMIM अध्यक्ष ने तीखा प्रहार करते हुए कहा, 'बीजेपी वालों तुम भूल गए लेकिन ओवैसी कुलभूषण को नहीं भूला है। उसी कुलभूषण को पाकिस्तान की जोकर अदालत ने फांसी की सजा दी थी। तो भारत इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट गया था और उसकी सजा का स्टे दिलाया था। उसी कोर्ट ने बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ वारंट जारी किया है।'
बोर्ड ऑफ पीस पर भी उठाए सवाल
उन्होंने ट्रंप की बोर्ड ऑफ पीस पर सवाल उठाते हुए कहा कि गाजा में पीस बोर्ड, कैसा पीस बोर्ड? उस पीस बोर्ड में हम कैसे जा सकते हैं जिसमें एक भी फिलिस्तीनी नहीं है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 26 February 2026 at 14:54 IST