अपडेटेड 28 July 2023 at 20:52 IST
चालबाज चीन पर अनुराग ठाकुर की दो टूक, स्टेपल वीजा को लेकर कहा- 'संप्रभुता से समझौता मंजूर नहीं'
इंटरनेशनल खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चीन ने भारतीय खिलाड़ियों को स्टेपल वीजा जारी किया। इसे लेकर अनुराग ठाकुर ने चीन को फटकार लगाई है।
एक इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए चीन ने भारतीय खिलाड़ियों को स्टेपल वीजा दिया। इससे नाराज भारत ने अपने खिलाड़ियों को एयरपोर्ट से ही वापस बुला लिया। अब इसी सिलसिले में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दो टूक शब्दों में साफ कर दिया है कि भारत अपने संप्रभुता से समझौता नहीं मंजूर करेगा।
खबर में आगे पढ़ें:
- अनुराग ठाकुर का चीन को चेतावनी
- भारत ने चीन को दिया करारा जवाब
- चीन ने भारतीय खिलाड़ियों को दिया स्टेपल वीजा
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "ये नया भारत है, अपनी शर्तों पर जीता है। अरुणाचल भारत का अभिन्न हिस्सा है, चीन ने भारत की वूशू टीम में अरुणाचल के खिलाड़ियों को स्टेपल वीजा दिया। हमने भी कह दिया, जैसे बाकी खिलाड़ियों को स्टाम्प लगा वीजा दिया है, वैसे ही दो, वरना हमारे खिलाड़ी नहीं जाएंगे। संप्रभुता से कोई समझौता, हमें मंजूर नहीं।"
चीन को भारत का करारा जवाब
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, "यह हमारे संज्ञान में आया है कि चीन ने एक अंतरराष्ट्रीय खेल के आयोजन में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले हमारे कुछ नागरिकों को स्टेपल वीजा जारी किया था। यह अस्वीकार्य है। और हमने इस मामले पर अपनी लगातार स्थिति को दोहराते हुए चीनी पक्ष के साथ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है और भारत इस तरह के कार्यों पर उचित प्रतिक्रिया देने के अधिकार का हकदार है। स्टेपल वीजा के मुद्दे पर हमारा स्टैंड क्लियर है। वीजा देने में जाति या स्थान के आधार पर किसी तरह का भेदभाव हमें स्वीकार्य नहीं है। भारत इस तरह की कार्रवाईयों पर उचित प्रतिक्रिया देने का अधिकार है।"
क्या है स्टेपल वीजा का मामला?
भारत ने पहले से ही चीन के स्टेपल वीजा का विरोध किया है। दरअसल, चीन में एक वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम के आयोजन के लिए भारत के 11 खिलाड़ियों की टीम भेजी जानी थी। लेकिन सभी खिलाड़ियों को वीजा मिलने में देरी हो गई। ऐसे में 8 लोगों को तो वीजा पहले मिल गई लेकिन तीन को बाद में मिली। अरुणाचल के वो तीन खिलाड़ी थे जिन्हें बाद में चीन की तरफ से नॉर्मल वीजा के बजाए स्टेपल वीजा दी गई। इस बात से ही भारत ने नाराजगी जताई है।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 28 July 2023 at 20:52 IST