'ओवैसी और चंद्रशेखर के बीच गठबंधन अखिलेश यादव के लिए भूकंप साबित होगा, अब मुसलमान...', UP चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने कही बड़ी बात
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच हुए गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव को अगाह किया है।
- भारत
- 3 min read
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले एक नया गठबंधन सामने आया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान कर दिया है। गठबंधन का नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' रखा गया। अब योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने नए गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव को बड़ा संदेश दिया है।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख व सांसद चंद्रशेखर आजाद लखनऊ में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने गठबंधन का ऐलान किया। अब मौजूदा गठबंधन यूपी के सियासी समीकरणों को सीधा प्रभावित कर सकता है। दोनों नेताओं ने कहा कि हम साथ मिलकर मजबूती से लड़ेंगे।
अखिलेश यादव को बड़ा झटका लगने वाला है-राजभर
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच गठबंधन पर कहा, "यूपी की राजनीति में एक बड़ा भूचाल आने वाला है और वो अखिलेश यादव के लिए भूकंप साबित होगा। चुनाव आते-आते मुसलमान समाजवादी पार्टी, कांग्रेस का साथ छोड़ कर असदुद्दीन ओवैसी के साथ खड़े हो जाएंगे और दलित समाज चंद्रशेखर आजाद के साथ खड़ा होगा।"
हमें कोई नुकसान नहीं होगा-राजभर
जब राजभर से जब ये सवाल किया गया कि ओवैसी और चंद्रशेखर के साथ आने क्या यूपी में BJP को नुकसान नहीं होगा। जवाब में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ने कहा कि किसी की भी हमसे कोई लड़ाई नहीं रहेगी। हमें कोई नुकसान नहीं होगा।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' पर ओवैसी ने क्या कहा?
वहीं, गठबंधन के ऐलान के बाद मीडिया से बात करते हुएAIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “हमने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने का फैसला किया है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह भाजपा को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प होगा।” वहीं , गठबंधन को लेकर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा, "सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बहुत मजबूत है..."
चुनाव से पहले सामने आया तीसरा विकल्प
बता दें कि समाजवादी पार्टी (SP) 'पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक' (PDA) के फॉर्मूले पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है। ओवैसी और आजाद का साथ आना सपा के पारंपरिक वोट बैंक में सीधी सेंध लगा सकता है। एक मजबूत तीसरे विकल्प का उभरना सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ वोटों के ध्रुवीकरण और बिखराव के नए समीकरण पैदा कर सकता है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 12 November 2026 at 14:13 IST