अपडेटेड 6 July 2024 at 19:30 IST
अमित शाह बाढ़-बारिश को लेकर एक्टिव मोड में दिखे, असम के CM हिमंत से ली हालातों की जानकारी
Assam Flood: केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने असम में बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से बात की है और मौजूदा स्थिति की जानकारी ली है।
Amit Shah on Assam Flood: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम में बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से जानकारी ली है। असम में भारी बारिश के कारण उत्पन्न हुई स्थिति को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसमें अमित शाह ने राज्य में बाढ़ पीड़ितों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही यह भी बताया है कि असम में NDRF और SDRF युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं।
असम में भीषण बाढ़ से लगातार हालात बिगड़ते जा रहें हैं, राज्य भर 21 लाख से ज्यादा लोग इससे प्रभावित बताए जा रहे हैं, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के मुताबिक, 6 लोगों की जान भी गई है, इसलिए बाढ़ को लेकर सरकार और प्रशासन एक्टिव मोड में है।
बाढ़ पीड़ितों को बचाया जा रहा- अमित शाह
अमित शाह ने असम बाढ़ को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी लिखा, जिसमें उन्होंने कहा कि, ‘भारी बारिश के कारण असम में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। मौजूदा स्थिति के बारे में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से बात की। NDRF और SDRF युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं, राहत प्रदान कर रहे हैं और पीड़ितों को बचा रहे हैं।’
अमित शाह ने अपने पोस्ट में लिखा कि, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं और इस चुनौतीपूर्ण समय में राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'
असम में बाढ़ के चलते 92 जानवरों की मौत
असम में भीषण बाढ़ से 21 लाख से ज्यादा लोग इससे प्रभावित बताए जा रहे हैं, वहीं काजीरंगा नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व बोकाखाट से एक दुखद खबर सामने आई है, जिसमें पता चला है कि बाढ़ के चलते कुछ 92 जानवरों की मृत्यु हो गई है। हालांकि मौके से 95 जानवरों को बचाया भी गया है, लेकिन बाढ़ से लगातार हालात खराब बताए जा रहे हैं।
जारी बुलेटिन के मुताबिक राज्य की बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के मुताबिक, 6 लोगों की जान भी गई है, जिनमें से चार लोग गोलाघाट के रहने वाले थे जबकि डिब्रूगढ़ और चराईदेव में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल बाढ़, भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या अब तक 62 हो गई है।
बाढ़ से राज्य में लाखों लोग प्रभावित
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि बाढ़ से 29 जिलों के कुल 21 लाख से भी ज्यादा लोग प्रभावित हैं, जबकि 57 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में धुबरी शामिल है, जहां 6 लाख लोग प्रभावित हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत ने लिया बाढ़ का जायजा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भी कल (शुक्रवार) डिब्रूगढ़ जिले के शहरी इलाकों समेत कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और तटबंधों में दरारों से हुए नुकसान का जायजा भी लिया। मुख्यमंत्री हिमंत ने बाढ़ से प्रभावित लोगों से भी बातचीत की और उन्हें राहत कोशिशों और डॉक्टरी सुविधाओं के माध्यम से सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत पिछले 9 दिनों से बिजली की गंभीर कमी से जूझ रहे डिब्रूगढ़ शहर में बाढ़ की स्थिति का आकलन करके किया।
यह भी पढ़ें : HIV इन्फेक्शन से त्रिपुरा में 47 स्टूडेंट्स की मौत, TSACS के आंकड़े कर देंगे हैरान; 828 पॉजिटिव मिले
मुख्यमंत्री ने दिए बिजली बहाल के निर्देश
मुख्यमंत्री ने शहर में बाढ़ ग्रस्त एच एस रोड और महालया रोड पर बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि नालियों के जाम होने के कारण शहर में बाढ़ की समस्या है और ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण पानी की निकासी में दिक्कत आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने जिला आयुक्त को सार्वजनिक घोषणा करके बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया, ताकि लोग सावधान रहें और इस अवधि के दौरान घर के अंदर रहें। मुख्यमंत्री ने तेंगाखाट में एक राहत शिविर का भी दौरा किया और लोगों को आश्वासन दिया कि विस्थापित लोगों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 6 July 2024 at 19:30 IST