अपडेटेड 3 February 2024 at 16:47 IST

क्या है MLA खरीद-फरोख्त का आरोप? जिस पर मचा बवाल, CM Kejriwal के घर नोटिस देने पहुंची क्राइम ब्रांच

27 जनवरी को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि हमारे विधायकों को तोड़ने की कोशिश की गई है।

Follow :  
×

Share


दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल | Image: Facebook/File

Delhi News: जब झारखंड में मुख्यमंत्री रहते हेमंत सोरेन को ईडी की तरफ से नोटिस पर नोटिस मिल रहे थे और उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी, तो राज्य में राजनीतिक संकट उभरने लगा था तो इसी बीच दिल्ली में आरोप लगाए जाने लगे कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार को गिराने की कोशिश हो रही है। ये आरोप आम आदमी पार्टी की तरफ से लगाए गए। अभी आरोपों की जांच शुरू हुई है, तो दिल्ली में बवाल मचने लगा है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं, जब उनकी पार्टी की तरफ से विधायकों की खरीद फरोख्त के आरोप लगाए गए तो मामला दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के पास चला गया। अभी क्राइम ब्रांच इस मामले में जानकारी जुटाना चाहती है और इसके लिए अरविंद केजरीवाल के आवास पर नोटिस लेकर पहुंची।

केजरीवाल के आवास पर पहुंची क्राइम ब्रांच टीम

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एक टीम शनिवार को अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंची। दिल्ली पुलिस आरोपों के संबंध में मुख्यमंत्री को नोटिस देने आई। हालांकि सीएम केजरीवाल के कार्यालय के सूत्रों ने दावा किया कि उनका कार्यालय नोटिस लेने के लिए तैयार है, लेकिन क्राइम ब्रांच के अधिकारी उन्हें इसके लिए रिसीविंग नोट नहीं दे रहे हैं।

शुक्रवार को भी सबूत मांगते हुए पुलिस अधिकारियों ने केजरीवाल के अलावा आप मंत्री आतिशी के आवास पर भी दस्तक दी। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, आप के दोनों नेता अपने-अपने आवास पर मौजूद नहीं थे।

यह भी पढ़ें: जिसका डर, वही हुआ... बिखरने INDI गठबंधन? ममता बनर्जी और कांग्रेस में जबरदस्त 'वाक युद्ध'

क्या है MLA खरीद-फरोख्त का आरोप?

ये पूरा माजरा आखिर क्या है, जरा अब वो पूरा समझिए। 27 जनवरी को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि हमारे विधायकों को तोड़ने की कोशिश की गई है।

केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में लिखा, “पिछले दिनों इन्होंने (बीजेपी) हमारे दिल्ली के 7 MLAs को संपर्क कर कहा है- 'कुछ दिन बाद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेंगे। उसके बाद MLAs को तोड़ेंगे। 21 MLAs से बात हो गई है। औरों से भी बात कर रहे हैं। उसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे। आप भी आ जाओ। 25 करोड़ रुपये देंगे और बीजेपी की टिकट से चुनाव लड़वा देंगे। हालांकि उनका दावा है कि उन्होंने 21 MLAs से संपर्क किया है लेकिन हमारी जानकारी के मुताबिक उन्होंने अभी तक 7 MLAs को ही संपर्क किया है और सबने मना कर दिया।”

अरविंद केजरीवाल ने आगे लिखा, 'किसी शराब घोटाले की जांच के लिए मुझे गिरफ्तार नहीं किया जा रहा, बल्कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं। पिछले 9 सालों में हमारी सरकार गिराने के लिए इन्होंने कई षड्यंत्र किए, लेकिन इन्हें कोई सफलता नहीं मिली। भगवान ने और जनता ने हमेशा हमारा साथ दिया। हमारे सभी MLA भी मजबूती से साथ हैं। इस बार भी ये लोग अपने नापाक इरादों में फेल होंगे।'

यह भी पढ़ें: लालकृष्ण आडवाणी को दिया जाएगा भारत रत्न सम्मान, PM मोदी ने दी जानकारी

केजरीवाल के पोस्ट के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने मीडिया को बुला लिया। आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और अपने नेता केजरीवाल की बातों को आगे बढ़ाते हुए इसे बीजेपी का 'ऑपरेशन लोटस 2.0' बताया।

आतिशी ने कहा, 'BJP ने AAP के 7 MLAs से संपर्क किया। उन्हें कहा कि केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद एक-एक MLA को तोड़कर दिल्ली सरकार गिराएंगे। 21 MLAs से बात हो चुकी, एक-एक विधायक को 25 करोड़ की ऑफर की है। इनका (बीजेपी) मकसद केजरीवाल को गिरफ्तार करके सरकार गिराने का है।'

क्राइम ब्रांच की टीम सबूतों के लिए नोटिस लेकर आई

केजरीवाल और आतिशी के बाद आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आप नेताओं की तरफ से बार-बार इसी तरह के आरोप लगाए गए। 

हालांकि आम आदमी पार्टी की तरफ से इन आरोपों के सबूत अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए। अभी सूत्र बताते हैं कि सबूत मांगने के लिए ही दिल्ली पुलिस की टीम सीएम केजरीवाल के आवास पर नोटिस लेकर पहुंची है।

यह भी पढ़ें: INDI गठबंधन को कब और कैसे लगा ग्रहण? नीतीश के बाद बाहर निकलने की कतार में और कौन-कौन नेता

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 3 February 2024 at 13:16 IST