अपडेटेड 25 June 2024 at 18:18 IST
रंगीन धारीदार गमछे में सपा MP पहुंचे संसद, अखिलेश यादव ने खुद खोला था गमछे का राज, जानिए पूरी कहानी
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले यूपी में सपा ने मुलायम कि अध्यक्षता में 35 सीटें जीती थी। ये सपा के लिए रिकॉर्ड था जिसे अखिलेश यादव ने 37 सीटें जीतकर तोड़ दिया।
लोकसभा सत्र का पहला दिन सोमवार (24 जून) को शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अपना स्पेशल रंगीन धारीदार गमछा लिए अपनी पत्नी सांसद डिंपल यादव और अपने बाकी के सांसदों के साथ नजर आए। उनकी एक तस्वीर जिसमें अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव और अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद एक साथ पहली पंक्ति में और बाकी के सपा सांसद उसके बाद खड़े हुए नजर आए। इस तस्वीर में खास बात ये थी कि सपा के सभी सांसदों सहित अखिलेश और उनकी पत्नी डिंपल यादव ने वही गमछा गले में पहन रखा था जिसे अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान पहना था।
वैसे तो अखिलेश यादव ज्यादातर कुर्ता पायजामा और सदरी पहने हुए नजर आते हैं लेकिन अबकी बार उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान एक हल्के गुलाबी रंग का धारीदार गमछा भी अपने कंधों पर रखा था। सोमवार को जब सपा सांसदों का दल लोकसभा में पहुंचा तो सबके गले में ये गमछा सुशोभित हो रहा था। यहां खास बात ये रही कि डिंपल यादव भी अपने गले में ये गमछा लिए पहुंची थी। आखिर क्या खास बात है इस गमछे में जिसे सपा मुखिया और उनकी टीम ने संसद के पहले दिन धारण किया था? आइए हम आपको बताते हैं इस गमछे की कहानी।
सपा का नया ड्रेस कोड बना लाल टोपी गुलाबी धारीदार गमछा
समाजवादी पार्टी की लाल टोपी तो पहले से ही सियासत में सुर्खियां बटोर चुकी थी लेकिन साल 2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार में अखिलेश यादव ने जिस गुलाबी रंग के गमछे का इस्तेमाल किया अब वो भी सपा के ड्रेस कोड में शामिल हो गया है। चुनाव प्रचार के दौरान तो सिर्फ अखिलेश यादव ने इस गुलाबी गमछे का इस्तेमाल किया था लेकिन संसद सत्र में सपा के सभी सांसद इस ड्रेस कोड में नजर आए। आपको बता दें कि इस लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 37 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने कब्जा जमाया है।
अखिलेश यादव का लकी चार्म बना धारीदार गमछा
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने इतनी सीटें कभी नहीं जीती थी। मुलायम सिंह की अध्यक्षता में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 35 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी ये समाजवादी पार्टी के लिए रिकॉर्ड था जिसे अखिलेश यादव की अध्यक्षता में सपा ने 37 सीटें जीतकर तोड़ दिया। इस चुनाव में प्रचार के दौरान ये गमछा अखिलेश के कंधों पर होता था। इसी वजह से सपा सुप्रीमो इसे अपने लिए बेहद लकी मानने लगे हैं। इस गमछे को धारण करने के बाद अखिलेश ने सियासत में अपनी पकड़ और मजबूत की है। उन्होंने अपने पिता को पीछे छोड़ कर यूपी से 37 लोकसभा सीटें जीती हैं।
क्या है गुलाबी गमछे की कहानी?
अखिलेश यादव ने इस गमछे के बारे में पूछे जाने पर मीडिया को बताया था। आप लोग कहते हैं कि मेरी सभी तस्वीरें एक जैसी ही दिखाई देती हैं क्योंकि मैं सिर्फ एक ही तरह के कपड़ों में होती है। इसके बाद उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने लुक को बदलने की ठानी और इस गुलाबी धारीदार गमछे को अपने कंधों पर धारण किया। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान अखिलेश यादव के एक तस्वीर जिसमें वो इसी गुलाबी गमछे से अपना पसीना पोछते हुए दिखाई दे रहे हैं सोशल मीडिया पर खूब जमकर वायरल हुई थी। जिसके बाद से ये गमछा आम लोगों की नजर में आया।
किसने दिया अखिलेश यादव को ये गुलाबी गमछा?
समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में शानदार प्रदर्शन किया और 37 सीटों पर कब्जा जमाया। इस दौरान अखिलेश यादव ने जिस गुलाबी गमछे को अपने पास रखा था वो गमछा उन्हें स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने भिजवाया था। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सक्तेशगढ़ एक जगह है जहां पर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज का आश्रम है। अड़गड़ानंद महाराज ने कई किताबें लिखी हैं। चुनाव में अखिलेश की जीत के बाद सपा सांसद धर्मेंद्र यादव अड़गड़ानंद महाराज से मुलाकात करने के लिए उनके आश्रम पहुंचे थे और इस दौरान अखिलेश यादव से वीडियो कॉल पर उनकी बात करवाई थी।
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 25 June 2024 at 18:15 IST