अपडेटेड 5 January 2024 at 15:39 IST
AAP में स्वाति मालीवाल का हो गया प्रमोशन... अब जाएंगी राज्यसभा, जानिए और कौन बनेगा उम्मीदवार
AAP की राजनीतिक मामलों की समिति ने दिल्ली में 19 जनवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए DCW की चीफ स्वाति मालीवाल को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।
AAP nominates Swati Maliwal for Rajya Sabha: आम आदमी पार्टी (AAP) की राजनीतिक मामलों की समिति ने दिल्ली में 19 जनवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए दिल्ली महिला आयोग की चीफ और पार्टी की वरिष्ठ सदस्य स्वाति मालीवाल को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।
स्टोरी की 3 बड़ी बातें…
- AAP ने स्वाति मालीवाल को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया
- दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष हैं स्वाति मालीवाल
- एनडी गुप्ता और संजय सिंह को भी बनाया उम्मीदवार
दिल्ली के तीन राज्यसभा सांसदों का 6 साल का कार्यकाल इस महीने समाप्त होने के साथ, नए सदस्यों को चुनने के लिए मतदान 19 जनवरी को होगा। संजय सिंह, सुशील कुमार गुप्ता और नारायण दास गुप्ता 27 जनवरी को रिटायर होंगे।
सुशील कुमार गुप्ता की जगह स्वाती मालीवाल को बनाया उम्मीदवार
इस बार एनडी गुप्ता और जेल में बंद संजय सिंह को भी फिर से नोमिनेट किया जाएगा, वहीं सुशील कुमार गुप्ता की जगह स्वाती मालीवाल को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी की माने तो सुशील कुमार गुप्ता अपना ध्यान हरियाणा की चुनावी राजनीति पर केंद्रित करना चाहते हैं। एनडी गुप्ता पार्टी के कोषाध्यक्ष हैं और सुशील गुप्ता आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष हैं। राज्य में इस साल के अंत में चुनाव होने की उम्मीद है।
आम आदमी पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, “AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में समिति ने दो मौजूदा सदस्यों को फिर से नामांकन के लिए समर्थन देने का फैसला किया, जबकि सुशील कुमार गुप्ता ने अपना ध्यान हरियाणा की चुनावी राजनीति पर केंद्रित करने का इरादा व्यक्त किया।"
कौन हैं स्वाती मालीवाल?
स्वाति मालीवाल एक महिला अधिकार कार्यकर्ता और दिल्ली महिला आयोग (DCW) की वर्तमान अध्यक्ष हैं। DCW में शामिल होने से पहले, मालीवाल ने सार्वजनिक शिकायतों पर दिल्ली के मुख्यमंत्री के सलाहकार के रूप में काम किया। मालीवाल इंडियन अगेंस्ट करप्शन आंदोलन की प्रमुख सदस्य थीं। मालीवाल महिलाओं के खिलाफ हिंसा का मुकाबला करने, सख्त कानूनों की वकालत करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न अभियानों और आंदोलनों से जुड़ी रही हैं।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 5 January 2024 at 15:39 IST