अपडेटेड 22 May 2024 at 22:52 IST

आम आदमी पार्टी झूठ बोल रही, समझौते के तहत दिल्ली को पानी दिया जा रहा: हरियाणा सीएम

दिल्ली की मंत्री आतिशी के पानी की आपूर्ति रोकने के आरोपों के बाद बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ‘‘झूठ’’ बोल रही है।

Follow :  
×

Share


मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी | Image: ANI

दिल्ली की मंत्री आतिशी के पानी की आपूर्ति रोकने के आरोपों के बाद बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ‘‘झूठ’’ बोल रही है और समझौते के तहत दिल्ली को पानी दिया जा रहा है।

आतिशी ने आरोप लगाया कि 25 मई को मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘‘नयी साजिश’’ के तहत पड़ोसी राज्य ने राष्ट्रीय राजधानी में पानी की आपूर्ति रोक दी है।

सैनी ने करनाल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘समझौते के मुताबिक पानी की आपूर्ति (दिल्ली को) जारी है और इसे कोई नहीं रोक सकता।’’

आम आदमी पार्टी केवल झूठ बोल रही है- सीएम सैनी

आतिशी के आरोपों का जवाब देते हुए सैनी ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ‘‘लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है क्योंकि उसके पास कोई मुद्दा नहीं है। वह केवल झूठ बोल रही है और वह भ्रष्टाचार में लिप्त है।’’

केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया- सीएम सैनी

सैनी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया।

उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट के साथ-साथ करनाल विधानसभा उपचुनाव भी जीतेगी जहां से वह खुद लड़ रहे हैं।

सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने केवल घोषणाएं कीं लेकिन उसके मुकाबले काम बहुत कम किया। उन्होंने कहा कि इसीलिए लोगों का कांग्रेस से विश्वास उठ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस टूट रही है और कोई नहीं जानता कि यह कब ढह जाएगी।

इसे भी पढ़ें: नाबालिग आरोपी की जमानत रद्द,14 दिन के लिए बाल सुधार गृह में भेजा

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 22 May 2024 at 22:50 IST