अपडेटेड 14 April 2025 at 08:07 IST

BREAKING: बेल्जियम से गिरफ्तार हुआ PNB घोटाले का आरोपी मेहुल चोकसी, भारत की अपील पर कार्रवाई

भगोड़े मेहुल चोकसी के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया गया। भारत की अपील पर बेल्जियम पुलिस ने PNB घोटाले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Follow :  
×

Share


Mehul Choksi | Image: PTI

Mehul Choksi Arrest: PNB घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी से जुड़ी खबर आ रही है। बेल्जियम से भगोड़े मेहुल चोकसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। भारत की अपील पर ये बड़ी कार्रवाई हुई है। सूत्रों के हवाले से मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी की बड़ी जानकारी मिली है। 

पंजाब नेशनल बैंक के 13,500 करोड़ रुपये के लोन फ्रॉड मामले में कथित संलिप्तता के लिए मेहुल चोकसी वांछित है। जानकारी के अनुसार वह अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ फिलहाल बेल्जियम में रह रहा था। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के अनुरोध पर भगोड़े चोकसी को गिरफ्तार किया गया। 

बेल्जियम पुलिस ने मुंबई के कोर्ट का दिया हवाला

मिली जानकारी के अनुसार मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी के दौरान बेल्जियम पुलिस की ओर से मुंबई की एक कोर्ट द्वारा उसके खिलाफ जारी दो अरेस्ट वारंट का हवाला दिया। रिपोर्ट के मुताबिक ये वारंट 23 मई, 2018 और 15 जून, 2021 को जारी हुए थे। हालांकि इस बीच चोकसी के खराब स्वास्थ्य से जुड़ी खबरें भी लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में वह अपनी सेहत और अन्य कारणों का हवाला देकर जमानत और तत्काल रिहाई की मांग कर सकता है।

जान लें कि PNB के 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में मेहुल चोकसी पर सीबीआई और ईडी द्वारा मुकदमा चल रहा है। मामले में उसका भतीजा नीरव मोदी भी आरोपी है, जो लंदन में छिपा है। उसके प्रत्यर्पण की भी कोशिशें जारी हैं।  

चोकसी की पत्नी हैं बेल्जियम की नागरिक

मेहुल चोकसी की पत्नी बेल्जियम की नागरिक हैं। इससे पहले रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि उसने देश में ‘F रेजीडेंसी कार्ड’ भी हासिल कर लिया है। ये कार्ड उसे उसकी पत्नी की मदद से मिला है। 

साल 2018 में भारत से भागा था चोकसी

चोकसी भारत छोड़ने के बाद साल 2018 से एंटीगुआ में रह रहा था। नीरव मोदी को 2019 में एफईओ घोषित किया गया था, जबकि चोकसी के खिलाफ ईडी की याचिका 2018 से लंबित है। ईडी ने चोकसी के खिलाफ अब तक तीन आरोपपत्र दाखिल किए हैं। ईडी ने 2019 में बंबई उच्च न्यायालय को बताया था कि चोकसी को भगोड़ा घोषित किया गया है।

यह भी पढ़ें: सेना की वर्दी का शौक, बाप प्रिंसिपल, पत्नी डॉक्‍टर और भारत से नफरत...NIA के सामने टूटा तहव्वुर राणा, किए चौंकाने वाले खुलासे




 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 14 April 2025 at 07:44 IST