CM कुर्सी से प्रधान सेवक तक... PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल, 1 महीने तक 'सेवा संकल्प अभियान' में क्या-क्या होगा? नितिन नबीन ने बताया प्लान
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन सेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने वाले हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी एक महीने का राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम शुरू करने जा रही है।
- भारत
- 3 min read
PM Modi's 25 Years in Public Service: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी ने खास बनाने की तैयारी की है। भाजपा इस बार पूरे एक महीने का राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी साझा कीं।
नितिन नबीन के मुताबिक, 'सेवा संकल्प अभियान' 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान देशभर में सेवा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का कारण प्रधानमंत्री के जनसेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने हैं।
PM मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे
उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन सेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने वाले हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने सेवा यात्रा की शुरुआत की थी। पिछले 25 वर्षों में जन सेवा से राष्ट्रसेवा के मंत्र को पकड़ते हुए पूरी तरह से सेवा यात्रा को जारी रखा है।
बीजेपी चलाएगी एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’
नितिन नबीन ने कहा, 'सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। 17 सितंबर जिस दिन प्रधानमंत्री का जन्मदिन है, उस दिन को हर साल हम सेवा दिवस के रूप में मनाते हैं। 17 सितंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।' उन्होंने आगे बताया कि उसी शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम होगा। इसमें सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवार अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। इसके बाद 2 अक्टूबर को हर साल की तरह इस बार भी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।'
BJP के प्लान में ये सभी कार्यक्रम भी शामिल
उन्होंने आगे कहा, ‘17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी स्कूलों में चित्रकारी, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें उत्कृष्ट चित्रों को और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्यमंत्री के स्तर पर और अन्य केंद्रीय मंत्री के स्तर पर प्रमाण पत्र देने की योजना है।’
इसके अलावा पत्रयात्रा और बाइक रैली भी निकाली जाएंगी। नितिन नबीन ने कहा, '7 अक्टूबर जिस दिन हेड ऑफ द गवर्नमेंट के रूप में प्रधानमंत्री के जनसेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होंगे, उस दिन देशभर के सभी जिलों में सेवा ज्योतिकलश यात्रा के माध्यम से हम कार्यक्रम करेंगे। इस कार्यक्रम में उनके 25 वर्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी। इन कार्यक्रमों के जरिये विकसित भारत 2047 का संकल्प लिया जाएगा।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 9 September 2026 at 13:31 IST