'दुनिया भर के लोग अपने करियर बनाने भारत आएं, हम टैलेंट पूल को चुंबक की तरह...',स्पेस स्टार्टअप्स के CEO के साथ बातचीत में बोले PM मोदी
स्पेस स्टार्टअप्स के CEO और फाउंडर्स के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने भारत के तेजी से बढ़ते प्राइवेट स्पेस इकोसिस्टम पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें स्पेस क्षेत्र में दुनिया भर के लोगों को हिंदुस्तान आने के लिए प्रेरित करना होगा।
- भारत
- 3 min read
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के स्पेस स्टार्टअप्स के CEO और संस्थापकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने स्पेस टेक्नोलॉजी को आम नागरिकों के जीवन को आसान और बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर उपयोग करने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने नए उद्यमियों के साहस और जोखिम लेने की क्षमता की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार अपनी नीतियों पर अडिग रहेगी। उन्होंने कहा कि हमें अंतरिक्ष क्षेत्र को ऐसा बनाना कि दुनिया भर के लोग अपने करियर बनाने भारत आएं।
स्पेस स्टार्टअप्स के CEO और फाउंडर्स के साथ बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आपने एक नए सेक्टर में हिम्मत दिखाई है। सबसे जरूरी बात यह है कि आपने सरकार पर भरोसा किया। मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि हम जो भी फैसले लें, उनमें एकरूपता होनी चाहिए। हमें उन्हें बार-बार बदलना नहीं चाहिए।"
फैसले पर अडिग रहने से रिस्क लेने आसान होता है-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा, फैसले पर अडिग रहने से रिस्क लेने वाले को भरोसा रहता है। उन्हें पता होता है कि अगर उनकी अपनी गलती से कुछ गलत हो जाता है, तो वह अलग बात है, लेकिन कोई उन्हें बीच में अकेला नहीं छोड़ेगा। हम इसी तरह का भरोसा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और देश स्पेस सेक्टर में दुनिया का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है।"
हमें टैलेंट पूल को चुंबक की तरह खींचना है-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "मेरा मानना है कि हमें ऐसा माहौल बनाना चाहिए जिससे दुनिया भर के लोगों को लगे कि अगर वे इस क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो उन्हें भारत आना चाहिए। किसी भारतीय स्टार्टअप या भारतीय स्पेस एजेंसी से जुड़ना चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि हम इस पूरे टैलेंट पूल को चुंबक की तरह अपनी ओर खींच सकते हैं, और यह हमारे लिए एक बड़ी ताकत बन सकता है। हम लागत के मामले में बहुत प्रतिस्पर्धी हैं। टैलेंट की क्वालिटी पर कोई सवाल ही नहीं है, और चूंकि हमारे देश के लोगों में स्वाभाविक रूप से जोखिम उठाने की क्षमता होती है, इसलिए हम तेजी से अपनी एक खास जगह बना सकते हैं।"
CEO ने दी नए इनोवेशन की जानकारी
बातचीत के दौरान एक CEO ने बताया, हमने एक ऐसा इंजन बनाया है जो दुनिया के आधुनिक इंजनों में एक है। इस इंजन की टेस्टिंग जारी है। वहीं, दूसरे सीईओ ने कहा कि स्पेस इंडस्ट्रीज खुलने के बाद यूएस और यूरोप में रह रहे लोग यहां आकर काम करना चाहते हैं। इस पर पीएम मोदी ने कहा, हमें स्पेस क्षेत्र में दुनिया भर के लोगों को हिंदुस्तान आने के लिए प्रेरित करना होगा।
यह भी पढ़ें: आरक्षण को लेकर अखिलेश पर बरसे राजभर; जानें क्या कहा
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 23 August 2026 at 12:20 IST