कर्नाटक की धरती सदियों से योग का केंद्र, योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मिली नई पहचान- बोले PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी मान्यता दी गई है। खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स जैसे आयोजनों में भी योगासन के लिए नई जगह बनी है।

 
Follow :
PM Modi | Image: ANI

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु के एस-व्यासा विश्वविद्यालय में 'प्रशांति कुटीरम' के स्वर्ण जयंती समारोह और एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने डिजिटल माध्यम से केरल के तिरुवनंतपुरम में S-VYASA ऑफ-कैंपस का उद्घाटन किया और वहां बनने वाले 'गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक' की नींव भी रखी।

इस मौके पर पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित किया और योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, 'आज बेंगलुरु में मुझे योग की अद्भुत ऊर्जा को अनुभव करने का अवसर मिल रहा है। कर्नाटक की ये धरती सदियों से योग का केंद्र रही है। योग से जुड़े कितने ही आचार्यों और विद्वानों ने यहां जन्म लिया है और योग की परंपरा को समृद्ध भी किया है। कला जगत के साथियों ने योग की सेवा भी की है। कर्नाटक की इस महान विरासत के बीच 'प्रशांति कुटीरम' के 50 वर्षों की यात्रा, सेवा और समर्पण की ऐसी अद्भुत और अभूतपूर्व गाथा है जिसे हर भारतीय को जानना चाहिए।'

PM मोदी ने बताई दिलचस्प बात

पीएम मोदी ने कहा, ‘विदेश के मेहमान और राष्ट्राध्यक्षों के साथ शायद ही ऐसा कोई डिनर होगा जिसमें योग की चर्चा न होती हो। पहले मुझे समझाना पड़ता है कि मैं योग एक्सपर्ट नहीं हूं। मैं एक प्रैक्टिशनर हूं। फिर मैं उन्हें योग के बारे में बताया करता हूं। वे योग से जुड़े ढेरों सवाल करते हैं। मैंने बहुत सारे विश्व नेता देखे हैं जो बताते हैं कि उनकी पत्नी या बेटी साल में एक बार योग सीखने के लिए भारत का रुख करती है। दुनिया के कई प्रमुख नेताओं के परिवारों में कोई न कोई योग से जुड़ा है। यह इस बात का प्रमाण है कि योग के माध्यम से भारत ने कितनी प्रगति की है। ऐसा लगता है कि योग, भारत को समझने का एक जरिया बन गया है।’

खेलो इंडिया जैसे आयोजनों में योगासन की नई जगह- पीएम

उन्होंने आगे देश में योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मान्यता देने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 'खेलो इंडिया' और 'नेशनल गेम्स' जैसे आयोजनों में भी योगासन के लिए नई जगह बनी है। ये बदलाव भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे योग से जुड़े लोगों के लिए प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के भी रास्ते खुल गए हैं।

November 13, 2026

भारत सरकार आयुर्वेद को दे रही बढ़ावा- PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि योग की तरह आयुर्वेद को भी भारत सरकार निरंतर बढ़ावा दे रही है। आजादी के इतने सालों के बाद देश में पहली बार एक अलग आयुष मंत्रालय बनाया गया है। हमने आयुर्वेद से जुड़ी रिसर्च और आयुर्वेद आधारित पेटेंट को प्रोत्साहन दिया और आज इसका भी परिणाम हमारे सामने है। भारत से आयुष और हर्बल उत्पादों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। आयुष क्षेत्र से जुड़ी अर्थव्यवस्था अब सैकड़ों अरब रुपयों के स्तर तक पहुंच गई है। यहां तक कि हल्दी एक ऐसी चीज जिसे भारतीय परिवारों ने पीढ़ियों से अपने खान-पान और घरेलू परंपराओं का हिस्सा बना रखा है- उसकी भी वैश्विक मांग में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। हमारे देश की हल्दी की दुनिया में मांग बढ़ रही है। हमने हल्दी के उत्पादन, गुणवत्ता और निर्यात को नई शक्ति देने के लिए 'नेशनल टर्मरिक बोर्ड' (National Turmeric Board) भी बनाया है।

यह भी पढ़ें: PM मोदी ने देशवासियों को दी छठ की शुभकामनाएं, सभी व्रतियों को किया नमन; इन नेताओं ने भी दी बधाई

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 13 November 2026 at 12:37 IST