'UP को एक्सप्रेसवे का वरदान मां गंगा का आशीर्वाद है, 5 राज्यों में BJP की जीत तय', हरदोई में बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने पांच राज्यों में हुए चुनाव में बीजेपी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है।
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी को एक्सप्रेसवे का वरदान मां गंगा का आशीर्वाद है। इस मौके पर उन्होंने भरोसा जताया कि पाचों राज्यों के चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का एक अहम दिन है। बंगाल में दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। जो खबरें आ रही हैं उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही जनता बड़ी संख्या में वोट देने के लिए घरों से निकल रही है।
बंगाल में वो हो रहा जो 6-7 दशक में नहीं हुआ- PM
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, वो इस बार हो रहा है। लोग बिना डर के वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वो अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है और बड़ी संख्या में मतदान कर रही है।
PM मोदी ने बिहार का दिया उदाहरण
प्रधानमंत्री ने आगे पिछले चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा, 'कुछ समय पहले, जब बिहार में चुनाव हुए तो भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत दर्ज की थी, एक इतिहास रच दिया था। अभी कल ही गुजरात में महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायतें, नगर पंचायतें, तहसील पंचायत... इन सब के चुनाव के नतीजे आए हैं। 80 से 85 प्रतिशत नगरपालिका और पंचायत भाजपा ने जीत ली है।'
'पांच राज्यों के चुनाव में भाजपा लगाएगी हैट्रिक'
वह कहते हैं, 'मुझे विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। 4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे। देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।'
कहां-कहां हुए चुनाव और कब आएंगे नतीजे?
बता दें कि असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव हुए हैं। 9 अप्रैल को केरल, पुडुचेरी और असम में शुरू हुए मतदान, तमिलनाडु होते हुए आज पश्चिम बंगाल में समाप्त हो जाएगी। इसके बाद 4 मई को सभी राज्यों के नतीजे एक साथ घोषित किए जाएंगे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 29 April 2026 at 13:49 IST