नागपुर में हिंसा के बाद धारा 144 लागू, कई लोगों को हिरासत में लिया गया; CM फडणवीस की अपील- शांति बनाए रखें अपील
India News Live: औरंगजेब की कब्र को लेकर चल रहे विवाद के बीच हिंसा भड़क गई। दोनों गुट आमने-सामने आ गए और पुलिस पर पथराव भी हुए। पीएम मोदी ने तीन दिवसीय ‘रायसीना डायलॉग’ का उद्घाटन किया। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टफर लक्सन भी उनके साथ नजर आए। इसमें 125 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
औरंगजेब की कब्र को लेकर कई दिनों से महाराष्ट्र में बवाल जारी है। इस बीच नागपुर में सोमवार को हिंसा भड़क उठीं। दोनों गुट आमने सामने आए। इस दौरान पत्थरबाजी हुई और कई वाहनों को भी फूंका गया। पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया। तनाव को देखते हुए नागपुर में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। साथ ही धारा 144 भी लागू कर दी गई। CM फडणवीस ने शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं, नितिन गडकरी ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन दिवसीय ‘रायसीना डायलॉग’ का उद्घाटन किया। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टफर लक्सन भी उनके साथ नजर आए। इसमें 125 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हमारा काम विरोध करना है क्योंकि ये बिल असंवैधानिक है। ये बिल वक्फ की जायदाद को बचाने के लिए नहीं है बल्कि वक्फ की जायदादों को खत्म करने के लिए है। इनकी नियत खराब है ये चाहते हैं कि दो समुदायों में दूरियां बढ़ें।
- Listen to this article
17 March 2025 at 23:41 IST
पुलिस शांति बनाए रखने की कोशिश कर रही है- महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष
महाराष्ट्र के मंत्री और राज्य BJP प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, "पहली प्राथमिकता समाज में शांति बहाल करना और इसे अफवाहों से दूर रखना है। जांच के बाद पता चलेगा कि अशांति क्यों हुई। लेकिन नागपुर के लोगों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए और पुलिस प्रशासन का समर्थन करना चाहिए। पुलिस शांति बनाए रखने की कोशिश कर रही है। हम सभी ने सभी से शांति बनाए रखने और नागपुर शहर की प्रतिष्ठा को बनाए रखने का आग्रह किया है... मैं महाराष्ट्र के सभी राजनीतिक दलों और राजनेताओं से आग्रह करता हूं कि वे एक साथ आएं और समाज को शांतिपूर्ण बनाने का प्रयास करें और लोगों को समझाएं कि दंगाइयों की पहचान पुलिस द्वारा की जाएगी। लेकिन इस घटना को राजनीतिक रूप न दें..."
17 March 2025 at 23:39 IST
नागपुर हिंसा पर पवन खेड़ा का बयान
नागपुर हिंसा पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के गृहनगर नागपुर के महल इलाके में दंगा भड़क गया। नागपुर 300 साल पुराना शहर है। इन 300 सालों के इतिहास में नागपुर में कोई दंगा नहीं हुआ। हम सभी को पूछना चाहिए कि ऐसी स्थिति क्यों बनी। केंद्र और राज्य दोनों जगहों पर भाजपा की सरकार है। अगर विहिप और बजरंग दल ने औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, तो क्या सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की? कांग्रेस पार्टी और हम सभी नागपुर के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हैं। एक खेल खेला जा रहा है और 300 साल पुराने इतिहास को मुद्दा बनाया जा रहा है। इस खेल का शिकार न बनें, शांति बनाए रखें, क्योंकि यही हमारे हित में है। कुछ राजनीतिक दल लोगों को भड़काते हैं और सोचते हैं कि इसमें उनका राजनीतिक हित है। हमें ऐसी राजनीति से बचना होगा। हमारे लिए शांति महत्वपूर्ण है।"
Advertisement
17 March 2025 at 23:22 IST
नागपुर में 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया- पुलिस
नागपुर पुलिस ने बताया, "महल इलाके में पत्थरबाजी और आगजनी की घटना के बाद नागपुर पुलिस ने शहर में निषेधाज्ञा जारी कर दी है। अब तक 20 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अपराधियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और उनके पास मौजूद दूसरे वीडियो क्लिप्स को खंगाल रही है, मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने शहर में शांति बनाए रखने और नागपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की है।"
17 March 2025 at 22:58 IST
मैं स्थिति पर नजर रख रहा हूं- CM फडणवीस
CM देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो जारी कर नागपुर की जनता से शांति की अपील की। उन्होंने कहा, "नागपुर के महल इलाके में जिस तरह से स्थिति तनावपूर्ण हुई, वह बेहद निंदनीय है। कुछ लोगों ने पुलिस पर भी पत्थरबाजी की। यह गलत है। मैं स्थिति पर नजर रख रहा हूं। मैंने पुलिस कमिश्नर से कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जो भी सख्त कदम उठाने ज़रूरी हैं, वे उठाए जाएं। अगर कोई दंगा करता है या पुलिस पर पत्थरबाजी करता है या समाज में तनाव पैदा करता है, तो ऐसे सभी लोगों के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मैं सभी से अपील करता हूं कि नागपुर की शांति भंग न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए व्यवहार करें। अगर कोई तनाव पैदा करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ बहुत सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
Advertisement
17 March 2025 at 22:46 IST
नागपुर के महल इलाके में पुलिस का तलाशी अभियान
नागपुर के महल इलाके में भड़की हिंसा के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
17 March 2025 at 22:33 IST
हिंसा पर नागपुर पुलिस आयुक्त का बयान
नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ रविंदर सिंघल ने कहा, "स्थिति नियंत्रण में है। एक तस्वीर जलाई गई थी जिसके बाद लोग जमा हुए और उनके निवेदन पर हमने कार्रवाई की। लोगों का प्रतिनिधिमंडल मुझसे मिलने मेरे ऑफिस भी आया था। हमने FIR दर्ज की है... घटना करीब 8:30 बजे की है। 2 वाहन जलाए गए हैं।"
17 March 2025 at 22:47 IST
नागपुर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
नागपुर पुलिस ने पत्थरबाजी कर रहे कई लोग को हिरासत में लिया है। इसके अलावा महल इलाके में धारा 144 भी लागू कर दी गई है।
17 March 2025 at 22:05 IST
नागपुर हिंसा पर महाराष्ट्र CMO का बयान
नागपुर हिंसा पर महाराष्ट्र CMO ने कहा, "नागपुर के महल इलाके में पथराव और तनावपूर्ण स्थिति के बाद पुलिस प्रशासन स्थिति को संभाल रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपील की है कि नागरिक इस स्थिति में प्रशासन का पूरा सहयोग करें। हम लगातार पुलिस प्रशासन के संपर्क में हैं और नागरिकों को उनका सहयोग करना चाहिए। नागपुर एक शांतिपूर्ण और सहयोग करने वाला शहर है। यह नागपुर की स्थायी परंपरा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और प्रशासन को पूरा सहयोग दें।"
17 March 2025 at 22:04 IST
औरंगजेब की कब्र को लेकर नागपुर में बवाल
नागपुर के महल इलाके में हिंसा के दौरान एक JCB मशीन को आग के हवाले कर दिया गया। दो समूहों के बीच विवाद के बाद यहां तनाव बढ़ गया। पुलिस कर्मी और फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
17 March 2025 at 21:08 IST
नवीन पटनायक ने दी डॉ. देवेंद्र प्रधान को श्रद्धांजलि
पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी नेता नवीन पटनायक केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. देवेंद्र प्रधान को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे।
17 March 2025 at 21:07 IST
राजस्थान मंडपम के निर्माण के लिए CM भजनलाल शर्मा ने की बैठक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भारत मंडपम की तर्ज पर राजस्थान मंडपम के निर्माण के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की।
17 March 2025 at 20:40 IST
NEET PG 2025 परीक्षा की डेट घोषित
नीट PG परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। नोटिस के अनुसार, नीट पीजी की परीक्षा 15 जून, 2025 को आयोजित होगी। परीक्षा दो शिफ्ट में कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी।
17 March 2025 at 20:38 IST
न्यूजीलैंड के PM संग गुरुद्वारे पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब पहुंचे और मत्था टेका।
17 March 2025 at 19:43 IST
नेजा मेले पर एएसपी संभल श्रीश चंद्र का बयान
नेजा मेले पर एएसपी संभल श्रीश चंद्र ने कहा, “संभल में नेजा मेला काफी समय से आयोजित होता रहा है। कुछ लोगों ने इसके खिलाफ आपत्तियां की। तथ्यात्मक तौर पर पाया गया कि ये मेला सैयद सालार मसूद गाजी की याद में मनाया जाता है। आयोजकों को बताया गया कि इस तरह के लुटेरे और हत्यारे की स्मृति में मेला लगाया जाता है तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
17 March 2025 at 19:41 IST
BJP पर अखिलेश यादव का निशाना
संभल के नेजा मेला की अनुमति नहीं मिलने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "BJP हर मिली जुली संस्कृति, हर भाईचारे को खत्म कर रही है। मेले में हर धर्म जाति के लोग मिलते हैं। अगर वे कुंभ की तारीफ कर सकते हैं तो किसी और मेले की तारीफ क्यों नहीं कर सकते? हम एक दूसरे से जो मिल कर रहते थे, सारे धर्म के लोग मिल कर रहते थे, वे भाजपा को पसंद नहीं आ रहा है।"
17 March 2025 at 18:54 IST
काला जठेरी गिरोह के दो शूटरों को पुलिस ने मारी गोली
दिल्ली की द्वारका जिला पुलिस ने काला जठेरी गिरोह के दो शूटरों को गोली मार दी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
17 March 2025 at 18:44 IST
हरियाणा के बजट पर CM नायब सिंह सैनी का बयान
हरियाणा के बजट पर सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, "आज मैंने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए राज्य का बजट पेश किया, जो 2.5 लाख करोड़ रुपये का है। कर राजस्व लगभग 1.7 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। गैर-कर राजस्व लगभग 20 हजार करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। मैंने कुल बजट का 20.84% सामाजिक सेवाओं के लिए, 15.37% सामान्य सेवाओं के लिए और 21. 53% आर्थिक सेवाओं के लिए आवंटित किया है। बजट का शेष 30.26% हिस्सा ऋण और ईएमआई के पुनर्भुगतान पर खर्च किया जाएगा। राजस्व घाटा राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का 1.53% होने का अनुमान है। राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का 2.67% रहने का अनुमान है..."
17 March 2025 at 18:42 IST
'एक राष्ट्र एक चुनाव' पर JPC की बैठक के बाद रवाना हुईं प्रियंका
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा 'एक राष्ट्र एक चुनाव' पर जेपीसी की बैठक के बाद रवाना हुईं।
17 March 2025 at 17:53 IST
मुझे लगता है कि ये सबसे अच्छा बजट है- अनिल विज
हरियाणा के बजट पर हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा, "ये भविष्यदर्शी बजट पेश किया गया है। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इसको तैयार करने से पहले मुख्यमंत्री के पास करीब 11,000 सुझाव आए हैं। उनका अध्ययन करने के बाद ये बजट तैयार किया गया है। हरियाणा के हर कोने में हर वर्ग तक विकास पहुंचाने के लिए हर क्षेत्र में प्रावधान किए गए हैं। मैंने कई बजट देखे हैं। मुझे लगता है कि ये सबसे अच्छा बजट है।"
17 March 2025 at 17:52 IST
हरियामा के बजट पर मंत्री श्याम सिंह राणा का बयान
हरियाणा प्रदेश के बजट पर हरियाणा सरकार के मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा, “बहुत अच्छा बजट मुख्यमंत्री ने पेश किया है। गौ अभ्यारण बनाने की घोषणा हुई है। विपक्ष का काम ही आलोचना करना है।”
17 March 2025 at 17:21 IST
दिल्ली में 'शिष्टाचार स्क्वाड' पर BJP सांसद का बयान
दिल्ली पुलिस द्वारा महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए 'शिष्टाचार' स्क्वॉड शुरू करने पर BJP नेता योगेंद्र चंदोलिया ने कहा, "पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में रोहिंग्याओं ने हर जगह खाली पड़ी जमीन पर कब्ज़ा कर लिया। एक राजनीतिक पार्टी ने भी उन्हें संरक्षण देने का काम किया। मैं दिल्ली पुलिस के इस कदम का स्वागत करता हूं। जो लोग लड़कियों और महिलाओं से छेड़छाड़ करते हैं, ऐसे लोगों को बाहर नहीं रहना चाहिए और तिहाड़ जेल जाना चाहिए। पुलिस की पहल बहुत अच्छी है।"
17 March 2025 at 17:19 IST
राबड़ी देवी के बयान पर राजीव प्रताप रूडी का निशाना
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और RJD नेता राबड़ी देवी द्वारा बिहार में कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवालों पर BJP सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "ये पता लगाना जरूरी है कि इतने बड़े पैमाने पर हत्याओं में शामिल लोग कौन हैं और क्या इन सबका उस पार्टी से कोई संबंध तो नहीं है जिसकी बात राबड़ी देवी कर रही हैं? कानून व्यवस्था हमेशा किसी भी राज्य की प्राथमिकता होती है और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार कानून व्यवस्था को अच्छे से संभाल रहा है। RJD के राज में होली के दिन कम से कम 300 हमले और हत्याएं होती थीं। उस समय से अब स्थिति में काफी सुधार हुआ है..."
17 March 2025 at 16:36 IST
हिमाचल प्रदेश बजट 2025 पर CM सुक्खू का बयान
हिमाचल प्रदेश बजट 2025 पर राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "हिमाचल प्रदेश की 80% जनता गांव में निवास करती है, 75 सालों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए बागवानी को छोड़कर कोई कार्य नहीं हुआ है। हमने इस दिशा में कदम उठाए हैं। आज मुझे खुशी है कि हमने प्राकृतिक खेती का MSP - गेंहू 60 रुपए, मक्का 40 रुपए और हल्दी का 90 रुपए प्रति किलो के हिसाब से घोषित किया। इससे गांव के लोगों में आर्थिक समृद्धि आएगी।"
17 March 2025 at 16:33 IST
आचार्य प्रमोद कृष्णम के बयान पर क्या बोले राजीव शुक्ला?
पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम के बयान पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, "गांधी परिवार, नेहरू परिवार ने देश की आज़ादी के लिए लड़ाई की। देश की एकता और अखंडता के लिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने जान की। उनके बेटे पर ही आरोप लगाएंगे, जिसने देश बचाया उसी पर आरोप... इससे हास्यास्पद बात नहीं हो सकती।"
17 March 2025 at 16:02 IST
CM योगी ने की अधिकारियों संग समीक्षा बैठक
सहारनपुर में CM योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
17 March 2025 at 15:46 IST
नीतीश राज में सब असुरक्षित महसूस कर रहे हैं- तेजस्वी यादव
बिहार में कानून व्यवस्था पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है इसलिए अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। जिन लोगों को आम नागरिकों की सुरक्षा में लगाया गया है, अगर वे ही सुरक्षित नहीं हैं, उनकी पिटाई हो रही है तो यहां कौन सुरक्षित है? सब नीतीश जी के राज में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं...मुख्यमंत्री जी से कोई सवाल पूछे तो लालू जी जिम्मेदार होते हैं। सत्ता पक्ष को लोगों से पूछो तो लालू जी जिम्मेदार होते हैं। आप 20 साल का बताइए?"
17 March 2025 at 15:34 IST
MP के बजट पर क्या बोले शिवराज सिंह चौहान?
मध्य प्रदेश के बजट पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश के वित्त मंत्री को ऐतिहासिक बजट के लिए हृदय से बधाई देता हूं। विकसित भारत के निर्माण के लिए ये विकसित मध्य प्रदेश का बजट है। ये प्रदेश के विकास और जनकल्याण को नई गति दे रहा है और नई दिशा भी दे रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पर्याप्त प्रावधान किया गया है दूसरी तरफ कृषि और निवेश को बढ़ाने के तमाम प्रावधान इस बजट में किए गए हैं।"
17 March 2025 at 14:57 IST
भारत विरोधी गतिविधियों का मुद्दा उठाया गया- सूत्र
अमेरिकी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड की बैठक के दौरान भारत ने अमेरिका में खालिस्तानी संगठन एसएफजे (सिख फॉर जस्टिस) द्वारा की जा रही भारत विरोधी गतिविधियों का मुद्दा उठाया। भारत ने अपनी चिंता व्यक्त की और अमेरिकी प्रशासन से इस गैरकानूनी संगठन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा: ANI के सूत्र
17 March 2025 at 14:56 IST
नीतीश के नेतृत्व में राज्य में कानून व्यवस्था चौपट- तेजस्वी
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि आज विधानसभा में विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया। नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में कानून व्यवस्था चौपट है और मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं। बिहार में अपराधियों की बहार है, ASI रैंक के अधिकारी की हत्या हो रही है। लेकिन मुख्यमंत्री के पास इन घटनाओं पर कहने के लिए दो शब्द भी नहीं हैं। नीतीश कुमार 20 साल से बिहार के मुख्यमंत्री हैं और हमने 20 साल का NCRB का आंकड़ा निकाला है, नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते 20 साल में राज्य में 60 हजार हत्याएं और 25 हजार बलात्कार हुए हैं। अगर किसी मुख्यमंत्री या गृह मंत्री के राज में सबसे ज्यादा हत्याएं और पुलिसकर्मियों की पिटाई हुई है तो वह नीतीश कुमार हैं। वे कानून व्यवस्था पर बहस नहीं करना चाहते क्योंकि उनके पास कोई जवाब नहीं है। सत्ता में बैठे लोग केवल लालू यादव और उनके 15 साल को जिम्मेदार ठहराएंगे। ये लोग अपराधियों को बचाने और संरक्षण देने का काम करते हैं। यह सरकार पूरी तरह विफल हो गई है।
17 March 2025 at 14:29 IST
शिवराज सिंह चौहान ने बिल गेट्स से की बातचीत
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व सीईओ बिल गेट्स से बातचीत की। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने बिल गेट्स और उनकी टीम के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बिल गेट्स फाउंडेशन दुनिया भर में कृषि, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने के क्षेत्र में काम कर रहा है। आज कृषि, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, खाद्य सुरक्षा, कृषि उत्पादन में सुधार, एआई और मशीन लर्निंग, प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान के क्षेत्रों पर चर्चा हुई और साथ मिलकर काम करने पर सहमति बनी।
17 March 2025 at 14:27 IST
सबसे अच्छे और सबसे बुरे भगवद् गीता का सहारा लेती हूं- तुलसी गबार्ड
ANI के साथ एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने कहा कि चाहे विश्व के विभिन्न भागों में युद्ध क्षेत्रों में सेवा करना हो या वर्तमान में हमारे सामने आने वाली चुनौतियां हों, यह भगवान कृष्ण द्वारा अर्जुन को भगवद् गीता में दी गई शिक्षाएं ही हैं, जिनका मैं अपने सबसे अच्छे और सबसे बुरे समय में सहारा लेती हूं।
17 March 2025 at 14:26 IST
वियतनामी संसदीय प्रतिनिधिमंडल से मिले ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वियतनामी संसदीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
17 March 2025 at 13:40 IST
निशांत कुमार के समर्थन में लगे पोस्टर पर जीतन राम मांझी बोले- स्वागत करेंगे
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने JDU कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के समर्थन में लगे पोस्टर पर कहा कि भारत में ऐसे कई नेता हैं जिनके बच्चे, जिनके परिवार राजनीति में आए हैं। अगर नीतीश कुमार के बेटे निशांत राजनीति में आना चाहते हैं तो इसमें चर्चा की क्या बात है, वे योग्य और सक्षम हैं, अगर वो आना चाहते हैं तो आएं। हम स्वागत करेंगे।
17 March 2025 at 13:38 IST
PM और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री के बीच हुई वार्ता
PM नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की।
17 March 2025 at 13:38 IST
औरंगजेब की कब्र को लेकर उठे विवाद पर क्या बोले शिवसेना सांसद?
शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने औरंगजेब की कब्र को लेकर उठे विवाद पर कहा कि अगर कुछ लोगों को छत्रपति शिवाजी महाराज और औरंगजेब में फर्क नहीं पता तो उन्हें स्कूल वापस जाना चाहिए। लोगों को शिवसेना (UBT) जैसी पार्टियों से कोई उम्मीद नहीं है और लोगों ने उन्हें दो बार सबक सिखाया है। इन पार्टियों को इसलिए खारिज किया जाता है क्योंकि उन्होंने बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा से समझौता किया।
17 March 2025 at 13:05 IST
ये बिल वक्फ की जायदाद को खत्म करने के लिए- ओवैसी
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हमारा काम विरोध करना है क्योंकि ये बिल असंवैधानिक है। ये बिल वक्फ की जायदाद को बचाने के लिए नहीं है बल्कि वक्फ की जायदादों को खत्म करने के लिए है। इनकी नियत खराब है ये चाहते हैं कि दो समुदायों में दूरियां बढ़ें।
17 March 2025 at 13:04 IST
औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन
नागपुर में औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर बजरंग दल ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
17 March 2025 at 13:04 IST
डॉ. देवेंद्र प्रधान को पीएम ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता का निधन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. देवेंद्र प्रधान को श्रद्धांजलि दी।
17 March 2025 at 12:27 IST
वक्फ बोर्ड संशोधन गरीब मुसलमानों के हित में है- UP उपमुख्यमंत्री
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैंने देखा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। वक्फ बोर्ड संशोधन देश के गरीब मुसलमानों के हित में है इसके लिए संयुक्त संसदीय समिति बनाई गई है, चर्चाएं हो गई हैं और इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एनसीपी, तृणमूल कांग्रेस समेत सारे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली सभी राजनीतिक पार्टियां इसके समर्थन में खड़ी हुई हैं, तो इससे मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति का असली चेहरा सामने आया है। ये विरोध उचित नहीं है उनको निराशा होगी।
17 March 2025 at 12:26 IST
CM ने विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन कार्य किया निरीक्षण
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां शाकम्भरी देवी विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया।
17 March 2025 at 12:23 IST
पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से मुलाकात की।
17 March 2025 at 11:56 IST
ये आधारहीन लोग, जिन्हें न जनता का और न मुसलमानों का समर्थन- बीजेपी
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर कहा कि ये आधारहीन लोग हैं। इन्हें न तो जनता का समर्थन है और न ही मुस्लिम समुदाय का। मुस्लिम समुदाय जानता है कि प्रधानमंत्री मोदी गरीबों के लिए काम कर रहे हैं। अगर वक्फ बोर्ड संशोधन होता है तो इसका सबसे ज्यादा फायदा पसमांदा मुसलमानों, गरीब और पिछड़े वर्ग के मुसलमानों को मिलेगा।
17 March 2025 at 11:22 IST
बीजेपी-RSS कभी भी शांति का माहौल नहीं बनने देते- कांग्रेस
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर कांग्रेस नेता अमर सिंह ने कहा कि बीजेपी पार्टी और आरएसएस देश में कभी भी शांति का माहौल नहीं बनने देते हैं। यही उनका मुख्य मकसद है। इन्हें कभी मंदिर, किसी मस्जिद या वक्फ के ऐसे मुद्दे उठाते रहना है जो कि इनके हिंदू वोट बैंक पर बने रहें इसलिए ये हटेंगे नहीं। वे कोई और मुद्दा लेकर आ जाएंगे। वक्फ पास करा लेंगे उसके बाद कुछ और लेकर आ जाएंगे।
17 March 2025 at 11:20 IST
मुसलमानों के हित में सोचने की कोशिश करें- AIMPLB के प्रदर्शन पर तरुण चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर कहा कि कुछ लोग भू-माफियाओं के इशारों पर कठपुतली की तरह नाच रहे हैं। मैं इन संगठनों से कहना चाहूंगा कि विरोध के नाम पर अपनी दुकान और भू-माफियाओं के प्रति प्रेम दिखाने के बजाय गरीबों और मुसलमानों के हित में सोचने की कोशिश करें। ये भू-माफिया चश्मा उतारें।
17 March 2025 at 11:03 IST
वक्फ विधेयक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए ओवैसी
AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी जंतर-मंतर पर वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 के खिलाफ ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
17 March 2025 at 10:36 IST
गोधरा कांड पर पीएम ने अपनी राय रखी- JDU नेता
पीएम मोदी के पॉडकास्ट पर JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि गोधरा का जो धार्मिक उन्माद है और उस संबंध में राजनीतिक घटनाक्रम का पीएम मोदी ने वस्तुस्थिति का मूल्यांकन कर अपनी राय वक्त की है। तो स्वाभाविक है कि वे उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो उस समय के अद्यतन स्थिति को अध्योपांत कहने का उनको अधिकार है और न्यायपालिका ने इस पर टिप्पणी की है। तो ऐसी स्थिति में पीएम मोदी द्वारा वस्तुगत परिस्थिति का मूल्यांकन किया जाना यह स्वाभाविक प्रक्रिया है।
17 March 2025 at 10:32 IST
AIMPLB के वक्फ बिल के खिलाफ प्रदर्शन पर क्या बोले बीजेपी सांसद?
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने AIMPLB द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर कहा कि यह देश कानून से चलता है।
17 March 2025 at 10:29 IST
पूरी कैबिनेट के साथ Chhaava देखेंगे CM मोहन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पूरी कैबिनेट के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म 'छावा' देखेंगे। सीएम लेक व्यू अशोका होटल के ओपन थिएटर में आज शाम साढ़े 6 बजे पहुंचेंगे।
17 March 2025 at 09:30 IST
JK: क्रुम्भूरा इलाके में घेराबंदी, तलाशी अभियान शुरू
जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा जिले के जचलदारा के क्रुम्भूरा इलाके में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।
17 March 2025 at 09:29 IST
राहुल गांधी-संजय राउत जिन्ना जैसा ख्वाब देख रहे- आचार्य प्रमोद कृष्णम
पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि 1947 में भारत को तोड़ने का ख्वाब मोहम्मद अली जिन्ना ने देखा था। अब संजय राउत और राहुल गांधी भी ऐसा ही सपना देख रहे हैं। संजय राउत राहुल गांधी के साथ मिलकर इस देश को तोड़ने की साजिश कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि भारत की जनता उनके मंसूबों को समझ चुकी है और अब उन्हें कभी समर्थन नहीं मिलेगा। वे दूसरा पाकिस्तान बनाना चाहते हैं और राहुल गांधी को उसका प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं।
17 March 2025 at 09:27 IST
आज पीएम मोदी से मुलाकात कर सकते हैं सीएम साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम 4:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात संभावित है, हालांकि बैठक का समय और कार्यक्रम अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है।
बैठक में बस्तर विकास के मास्टर प्लान, नक्सल उन्मूलन की रणनीति, बुनियादी ढांचे के विस्तार और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री को उनके 30 मार्च के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियों से भी अवगत कराएंगे।
17 March 2025 at 08:35 IST
कांग्रेस सांसद ने की NEET पेपर लीक पर चर्चा की मांग
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव पेश कर मांग की कि NEET पेपर लीक सहित परीक्षा पेपर लीक पर चर्चा की जाए और सरकार को इसे रोकने के लिए कदम उठाने चाहिए।
17 March 2025 at 08:34 IST
बागेश्वर में एक घर में लगी आग
उत्तराखंड के बागेश्वर में एक घर में आग लगी। आग बुझाने के लिए SDRF की टीम व दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
17 March 2025 at 08:33 IST
सहारनपुर जाएंगे सीएम योगी
सीएम योगी आज सहारनपुर दौरे पर रहेंगे। वह मां शांकभरी देवी मंदिर में दर्शन करेंगे। जानकारी के मुताबिक, सीएम शाम साढ़े चार बजे तक यहां रुकेंगे। इसके अलावा वह पर्यटन योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
17 March 2025 at 07:47 IST
रायसीना डायलॉग में शामिल होने दिल्ली पहुंचे एंटीगुआ के विदेश मंत्री
एंटीगुआ और बारबुडा के विदेश मंत्री ईपी चेत ग्रीन रायसीना डायलॉग 2025 के लिए दिल्ली पहुंचे। रायसीना डायलॉग भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है, जो अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने आने वाले सबसे चुनौतीपूर्ण मुद्दों को संबोधित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका उद्घाटन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। 2025 संस्करण का विषय 'कालचक्र - लोग, शांति और ग्रह' है।
17 March 2025 at 07:47 IST
लैक्स फ्रीडमैन संग पीएम के पॉडकास्ट पर बांसुरी स्वराज
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने पीएम मोदी के लैक्स फ्रीडमैन संग पॉडकास्ट पर कहा कि उनकी ये बात बिल्कुल सच है। 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का, उनके संकल्पों का, उनके सपनों का मानवीय प्रतिबिंब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं और इसलिए भारत की जनता ने उन्हें तीसरी बार इस देश का प्रधान सेवक चुनकर भेजा है। मैं जानती हूं कि उनके कुशल नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प सिद्धि तक निश्चित रूप से लेकर जाया जाएगा।
17 March 2025 at 07:47 IST
बजट सत्र का चौथा दिन आज
आज बजट सत्र का चौथा दिन है। पिछले तीन दिन सत्र हंगामेदार रहा। नेशनल एजुकेशन पॉलिसी और ट्राय-लैंग्वेज हंगामा हो सकता है। इसके अलावा लोकसभा में प्रमुख रिपोर्टों, रेलवे अनुदार पर चर्चा हो सकती है।
17 March 2025 at 07:46 IST
PM मोदी रायसीना डायलॉग का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को तीन दिवसीय ‘रायसीना डायलॉग’ का उद्घाटन करेंगे। यह भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है जिसमें 125 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 17 March 2025 at 07:48 IST