हर रुकावट को खत्म कर के रहेंगे, हिम्मत अटूट और हौसला बुलंद है...महिला आरक्षण बिल पर PM मोदी का पोस्ट, बोले- सरकार वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध
पीएम मोदी ने कहा कि मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं कि हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करके और हटाकर रहेंगे। हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है।
- भारत
- 2 min read
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिसीमन बिल पर पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने कहा कि हमने अपनी 'नारी शक्ति' से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 'नारी शक्ति' को सशक्त बनाने का हमारा संकल्प अडिग है।
पीएम मोदी का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़ा परिसीमन विधेयक दोबारा पेश करने की योजना बना रही है। यह विशेष सत्र सोमवार, 30 नवंबर से शुरू हो रहा है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी।
नारीशक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई- PM मोदी
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल X पर वीडियो जारी कर कहा, 'नारीशक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। सालों से इसके लिए प्रयास करने वालों में से मैं भी एक हूं। कितनी ही महिलाएं यह विषय मेरे सामने उठाती रही हैं। कितनी ही बहनों ने पत्र के द्वारा मुझे सारी बातें बताई हैं। मैं जानता हूं कि देश की 100% नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है।'
हमारा हौसला बुलंद, हमारी हिम्मत भी अटूट- PM
उन्होंने आगे कहा, 'मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं कि हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करके और हटाकर रहेंगे। हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है। महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां यह देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी भी रोक नहीं पाएंगे। सिर्फ वक्त का इंतजार है।'
सुधांशु ने बताया क्यों लाया जा रहा परिसीमन बिल
इस संबंध में भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी प्रतिबद्धता है कि नारी शक्ति को संसद में 33% प्रतिनिधित्व मिले। भारत आर्थिक दृष्टि से नया स्वरूप धारण कर रहा है। सांस्कृतिक दृष्टि से नया स्वरूप धारण कर रहा है। निश्चित रूप से संसद को भी नए स्वरूप में आने की आवश्यकता है। इसलिए परिसीमन बिल लाया जा रहा है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 28 November 2026 at 13:20 IST