Jaspal Rana: नहीं रहे शूटर जसपाल राणा, 49 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा; PM मोदी ने जताया शोक

मशहूर भारतीय शूटिंग के कोच और पूर्व एशियाई खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट जसपाल राणा ने 49 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री मोदी समेत अन्य नेताओं ने दुख जाहिर किया है।

 
Follow :
PM Modi Mourns Over Jaspal Rana Death | Image: ANI

PM Modi Mourns Over Jaspal Rana Death: भारत के दिग्गज शूटर जसपाल राणा अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका शुक्रवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है।

पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर किए पोस्ट में लिखा कि जसपाल राणा के निधन से गहरा दुख हुआ है। उनका जाना भारतीय खेल जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।

जसपाल राणा ने देश का मान बढ़ाया- पीएम मोदी

उन्होंने आगे लिखा, 'जसपाल राणा ने शूटिंग में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश का मान बढ़ाया। एक मेंटर के तौर पर भी उनका योगदान बहुत अहम रहा। उन्होंने पूरी लगन से युवा खिलाड़ियों को तराशा और उनका मार्गदर्शन किया। बेहतरीन प्रदर्शन, अनुशासन और खेल जगत की सेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा के कारण उन्हें बहुत सम्मान मिला।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और पूरे खेल जगत के साथ हैं। ओम शांति।

जसपाल राणा नेकदिल इंसान थे- रक्षा मंत्री

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर लिखा, 'अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शूटर जसपाल राणा के आकस्मिक निधन से मैं स्तब्ध और शोकाकुल हूं। जसपाल एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और कोच होने के साथ-साथ अत्यंत सहज, सरल और बहुत ही नेकदिल इंसान थे। भारत में शूटिंग को एक खेल के रूप में लोकप्रिय बनाने में उनकी बड़ी प्रभावी भूमिका थी।'

भारतीय खेल जगत को एक बड़ी क्षति- राजनाथ सिंह

वह आगे लिखते हैं, 'जसपाल राणा ने वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप एवं एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड मेडल दिला कर भारत का नाम पूरे विश्व में रोशन किया। उनके निधन से भारतीय खेल जगत को एक बड़ी क्षति हुई है। ईश्वर उनके शोक-संतप्त परिजनों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रसशंकों के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति!'

राणा के योगदान ने प्रेरणादायक विरासत छोड़ी- मांडविया

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एक्स पर लिखा, 'भारतीय शूटिंग के दिग्गज जसपाल राणा जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। एक चैंपियन एथलीट और बेहतरीन मेंटर के तौर पर देश के लिए उनके शानदार योगदान ने एक प्रेरणादायक विरासत छोड़ी है। उनके परिवार, दोस्तों और खेल जगत के लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।'

जसपाल राणा का कैसे हुआ निधन?

बता दें कि मशहूर भारतीय शूटिंग के कोच और पूर्व एशियाई खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट जसपाल राणा 49 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए। वह भारतीय पिस्टल शूटर्स के लिए हाई-परफॉर्मेंस कोच के तौर पर कार्यरत थे। वह बार ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर समेत भारतीय पिस्टल शूटर्स को कोचिंग दे चुके हैं।

हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में हुए ISSF वर्ल्ड कप से भारत लौटते समय जसपाल राणा की तबीयत बिगड़ी। उन्हें असहज महसूस होने लगा। इसके बाद उन्हें एयरपोर्ट से सीधे साकेत के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालांकि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें: बृजभूषण शरण सिंह आखिर किस बात से डरे? राम मंदिर के चढ़ावे में गबन के आरोपों पर बोले- 'सच बोल दिया तो परेशानी में पड़ जाऊंगा'
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 12 June 2026 at 12:23 IST