PM मोदी ने तमिल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया प्रतिष्ठित, राहुल गांधी के आरोपों पर भड़के सुधांशु त्रिवेदी, स्टारलिंक पर भी दिया जवाब

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि तमिल भाषा पर आक्रमण किया जा रहा है जबकि यह आरोप पूरी तरह गलत है। वास्तविकता यह है कि पीएम मोदी के कार्यकाल में तमिल भाषा को सम्मान देने और उसकी विरासत को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए भी प्रयास किए गए हैं।

 
Follow :
pm modi sudhanshu trivedi | Image: BJP, PIB

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी तमिल भाषा और संस्कृति के मुद्दों पर आरोप लगाकर उत्तर-दक्षिण के बीच विभाजन पैदा कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में तमिलनाडु में मेट्रो, रेलवे, राजमार्ग और बंदरगाहों की परियोजनाएं शुरू हुईं तथा तमिल विरासत को सम्मान मिला। 

सुधांशु त्रिवेदी ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर चेन्नई में हमारी सरकार और यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निराधार और अनर्गल आरोप लगाने का प्रयास किया है। राहुल ने आरोप लगाया कि तमिल भाषा पर आक्रमण किया जा रहा है और नीट इसका उदाहरण है, जबकि यह आरोप पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि पीएम मोदी के कार्यकाल में तमिल भाषा को सम्मान देने और उसकी विरासत को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए भी प्रयास किए गए हैं। इस दौरान सुधांशु त्रिवेदी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख आशीष ऊषा अग्रवाल भी मौजूद रहे। 

पीएम मोदी ने 13,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया 

भाजपा नेता ने कहा कि पीएम मोदी ने रविवार को चेन्नई में लगभग 13,000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें चेन्नई मेट्रो के लिए 4,900 करोड़ रुपये, राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 3,700 करोड़ रुपये और कराइकल–पेरलम रेल लाइन के लिए 750 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने तमिल भाषा, संस्कृति और प्रतीकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित किया

सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि पीएम मोदी ने विभिन्न अवसरों पर तमिल भाषा, तमिल संस्कृति और तमिल प्रतीकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित किया है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान तमिल संस्कृति और भाषा के धार्मिक एवं साहित्यिक पहलुओं का विशेष रूप से उल्लेख किया, जिससे वैश्विक मंच पर तमिल भाषा और साहित्य की प्रतिष्ठा बढ़ी। तमिल संस्कृति के प्रतीक पवित्र सेंगोल को नए संसद भवन में स्थापित किया गया। यह तमिल संस्कृति की शाश्वत विरासत का प्रतीक है, लेकिन कांग्रेस ने मई 2023 में इसका विरोध किया। 

भारतीय परंपरा में देवी की आराधना को सर्वोच्च स्थान दिया गया

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी ने पिछली बार पुणे में ‘स्मैश द पैट्रियार्की’ का नारा दिया था। नवरात्रि शुरू हो चुके हैं और भारतीय संस्कृति और विशेषकर हिंदू संस्कृति में मातृशक्ति की आराधना का विशेष महत्व है। यशस्वी प्रधानमंत्री ने चंद्रमा के अछूते दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान की सफल लैंडिंग के बाद उस स्थान का नाम ‘शिव शक्ति पॉइंट’ रखा था। 

भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय परंपरा में देवी की आराधना को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। “देवी पूज पद कमल तुम्हारे, सुर नर मुनि सब होत सुखारे।” अर्थात देवी के चरण कमलों की पूजा करके मनुष्य, मुनि और देवता सभी सुख प्राप्त करते हैं। जो लोग ‘स्मैश द पैट्रियार्की’ का नारा देते हैं, वे अन्य धार्मिक परंपराओं में महिलाओं की स्थिति पर भी इसी तरह सवाल उठाने का साहस क्यों नहीं दिखाते? 

दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत में निवेश कर रही हैं

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से भारत दुनिया की सभी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है और लगातार 7-8 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रहा है। आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में हम सबसे आगे चल रहे हैं और डिजिटल लेन-देन में दुनिया के नंबर वन देश हैं। भारत में ऐसी कंपनियां हैं, जिनके पास मौजूद डेटा, एटीएंडटी, वेरिजॉन और टी-मोबाइल के कुल डेटा से भी अधिक है। 

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां भी भारत में निवेश कर रही हैं। दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल हैंडसेट कंपनियों में से एक सैमसंग की सबसे बड़ी फैक्ट्री भारत में है। सबसे हाई-एंड फोन माने जाने वाले आईफोन की चीन के बाहर सबसे बड़ी फैक्ट्री भारत में है। चिप बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन की भी चीन के बाहर सबसे बड़ी फैक्ट्री भारत में है। गूगल विशाखापत्तनम में 19.5 अरब डॉलर का निवेश करने जा रहा है और अमेजन अमेरिका के बाहर अपना सबसे बड़ा कार्यालय हैदराबाद में खोलने जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के समय में माइक्रोसॉफ्ट ने अपना पहला विदेशी कार्यालय भारत में खोला था। हम मंगल तक पहुंचने वाले दुनिया के चौथे देश बने हैं।  कुछ लोगों को ये सारी बातें अच्छी नहीं लग रही हैं। इसके लिए विदेशी शक्तियां भी सक्रिय हैं और देश के अंदर भी वही शक्तियां सक्रिय हैं। 

राहुल गांधी स्टारलिंक का स्वागत क्यों कर रहे हैं?

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज राहुल गांधी स्टारलिंक का स्वागत क्यों कर रहे हैं? मात्र एक साल पहले कांग्रेस के प्रबुद्ध और विद्वान चेहरे जयराम रमेश अपनी पूरी विद्वता के साथ स्टारलिंक को अनुमति देने पर सवाल उठा रहे थे। आज राहुल गांधी उसी के साथ खड़े हो गए हैं। 

उन्होंने कहा “2जी स्पेक्ट्रम मामले में भी बड़ी संख्या में विदेशी कंपनियों को लाइसेंस दिए गए थे। यदि मोदी सरकार नहीं आई होती, तो डिजिटल क्षेत्र में आज भारत की जो नंबर वन स्थिति है, उसमें भारतीय कंपनियों के बजाय विदेशी कंपनियां दिखाई दे रही होतीं। भाजपा नेता ने कहा कि यदि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार नहीं आई होती, तो टेलीकॉम क्षेत्र में आज जिन भारतीय कंपनियों को हम देख रहे हैं, उनकी जगह विदेशी कंपनियां दिखाई दे रही होतीं। विदेशी कंपनियों के प्रति कांग्रेस की दिली आरजू अब सामने आ गई है।” 

राहुल गांधी किसकी बैटिंग कर रहे हैं

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका में एक जीबी डेटा की कीमत 5.5 से 6.5 डॉलर प्रति माह है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 550 से 600 रुपये होती है, जबकि भारत में यही कीमत मात्र 15 से 17 रुपये है। अमेरिका और भारत में डेटा की कीमतों का अंतर कोई भी जाकर जांच सकता है। राहुल गांधी किसकी बैटिंग कर रहे हैं? यह अब देश को समझ में नहीं आ रहा है। देश को अब इन सभी कड़ियों को जोड़कर देखना चाहिए। 

इसे भी पढ़ें- विदेशी अरबपतियों के पपेट के रूप में राहुल नजर आ रहे हैं, स्टारलिंक के खिलाफ बोलने वाली कांग्रेस अब उसके पक्ष में क्यों...', BJP ने उठाए सवाल

Published By : Kritarth Sardana

पब्लिश्ड 12 October 2026 at 08:23 IST