PM मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, कहा- आज एतिहासिक दिन, 100वें वर्ष में कर रहे प्रवेश

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को उनके 99वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं।

 
Follow :
PM Modi extends B'day wishes to LK Advani | Image: X

PM Modi extends B'day wishes to LK Advani: भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी का आज 99वां जन्मदिन है। वे अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। इस बार उनका जन्मदिन दीपावली के पावन पर्व पर आया है। इस मौके पर पीएम मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दी और देश के प्रति उनके योगदान के बारे में लिखा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'आज, 8 नवंबर, एक ऐतिहासिक दिन है। आदरणीय एल.के. आडवाणी जी अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। इस विशेष अवसर पर मैं उन्हें बधाई देता हूं।'

PM ने आडवाणी के योगदान को किया याद

पीएम मोदी ने आगे लिखा, 'मैंने एक लेख लिखा है जिसमें मैंने भारत के प्रति उनके अमूल्य योगदान को रेखांकित किया है। मैंने उनके जीवन के सफर को याद किया है- चाहे वह बंटवारे की विभीषिका को झेलकर फिर से जीवन की शुरुआत करना हो, जनसंघ को मजबूत करना और भाजपा का निर्माण करना हो, आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए खड़े होना हो, सोमनाथ से अयोध्या तक रथ यात्रा का नेतृत्व करना हो या फिर सरकार में रहकर देश की सेवा करना हो। मैंने आडवाणी जी के अन्य पहलुओं के बारे में भी लिखा है - जैसे कि उनका पढ़ने का गहरा शौक, संस्कृति और सिनेमा के प्रति उनका प्रेम, एक बेहतरीन लेखक के रूप में उनकी पहचान और भी बहुत कुछ।'

November 8, 2026

1991 के लोकसभा चुनाव को भी किया याद 

उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर एक अखबार में लेख लिखकर देश और पार्टी के प्रति उनके योगदान को याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि आडवाणी जी की मजबूत विचारधारा, गहरी समझ और अद्वितीय दूरदर्शिता ने उन्हें भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान दी है। उन्होंने बीजेपी के अध्यक्ष के रूप में आडवाणी जी के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने पार्टी को एक मजबूत आधार दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने 1991 के लोकसभा चुनाव को भी याद किया और बताया कि कैसे उन्होंने खुद आडवाणी जी का नामांकन पत्र तैयार करने और उनके चुनाव प्रचार को संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई थी।

सोमनाथ से अयोध्या तक निकाली गई रथ यात्रा का भी जिक्र

अपने लेख में प्रधानमंत्री ने देश के गृह मंत्री के रूप में लालकृष्ण आडवाणी के कार्यकाल का विशेष रूप से उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए कड़े कदम उठाए थे। इसके साथ ही, पीएम मोदी ने सोमनाथ से अयोध्या तक निकाली गई ऐतिहासिक रथ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इसने देश के सांस्कृतिक और राजनीतिक परिदृश्य को बदलने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने एल. के. आडवाणी के प्रति अपना गहरा आदर व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

यह भी पढ़ें: 'देशभर के अपने परिवारजनों को दीपावली की...', PM मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, जवानों के साथ मनाएंगे दीपोत्सव
 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 8 November 2026 at 08:56 IST