'जिसने पेपर लीक का पाप किया है, उसको सख्त सजा मिले', NDA संसदीय दल की बैठक में NEET विवाद पर बोले PM मोदी, की ये अपील

एनडीए संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने नीट पेपर लीक के दोषियों को सख्त सजा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के भविष्य का सवाल है और इस पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी राज्यों को एकजुट होना चाहिए।

 
Follow :
एनडीए संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी | Image: X

NDA Parliamentary Meeting: संसद के मॉनसून सत्र का आज (21 जुलाई) दूसरा दिन है। सत्र की शुरुआत से पहले आज  राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' के तहत आयोजित हुई। पीएम मोदी ने संसदीय दल की बैठक में सांसदों को संबोधित किया। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि पीएम मोदी ने बैठक में नीट पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही है।

रिजिजू ने बताया बैठक में क्या-क्या हुआ? 

रिजिजू ने कहा कि यह बैठक बहुत अच्छी रही। प्रधानमंत्री ने सभी को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने हाल के महीनों में देश की कामयाबियों का जिक्र किया और अलग-अलग देशों के साथ हुए FTA (मुक्त व्यापार समझौतों) के बारे में बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि जितने भी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुए हैं, उसमें किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। किसी भी देश के साथ होने वाले FTA में किसानों का कल्याण सबसे अहम होता है, जिससे  ये समझौते किसानों और देश, दोनों के लिए सबसे अच्छे साबित हों।

नीट पेपर लीक पर क्या बोले पीएम मोदी?

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि नीट एग्जाम के बारे में पीएम मोदी ने कहा है कि जब पेपर लीक की खबर आई तो तुरंत सरकार ने कार्रवाई की। 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया है। साथ-साथ जो छात्र हैं, उनका भविष्य को नुकसान न हो इसलिए नीट का री-एग्जाम सफलतापूर्वक कराया गया और उसके रिजल्ट में कोई विलंब नहीं किया।  

उन्होंने कहा कि पीएम ने अपील भी की है कि पेपर  लीक के दोषियों को सख्त से सख्त सजा कैसे दी जाए, उसमें टॉप क्लास के वकील भी साथ दें। जिसने पेपर लीक का पाप किया है, उसको घोर सख्त सजा मिले। आगे पेपर लीक न होने के लिए सख्ती से जो कदम उठाया गया है, उसके बारे में भी पीएम ने जानकारी दी।

July 21, 2026

'ये दलगत राजनीति का विषय नहीं है, ये देश का विषय है'

रिजिजू ने कहा कि बैठक में पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पेपर लीक सिर्फ एक राज्य का मामला नहीं है, सिर्फ केंद्र सरकार का मामला नहीं है पूरे देश में हर एक राज्य में जहां-जहां पेपर लीक करने में जो लोग लिप्त हैं, उनको सजा देने के लिए एकजुट होना चाहिए। ये दलगत राजनीति का विषय नहीं है, ये देश का विषय है। युवाओं का भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं करने देने के लिए सख्ती से कदम उठाएं, दोषियों को सजा दें और फूल प्रूफ सिस्टम जो काम कर रहे हैं, उसमें भी सब मिलकर करें। इस पर पीएम ने बल दिया।

संसद के मॉनसून सत्र को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उसमें पूरा NDA सकारात्मक भूमिका निभाएगा। जो देश के लिए बिल लेकर आए हैं, पूरा एनडीए एकजुट होकर उसे पारित कराएंगे। विपक्ष के साथियों से भी अनुरोध है कि मतभेद हो सकते हैं लेकिन देश के लिए, देश के भविष्य के लिए, युवाओं के लिए, जिनके लिए हम सांसद चुनकर आए हैं, सब मिलकर काम करें।

यह भी पढ़ें: CJP Protest: पथराव-तोड़फोड़ के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस, अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 21 July 2026 at 11:15 IST