अपडेटेड 19 June 2024 at 15:02 IST
PM Modi ने बिहार में किया नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर का उद्घाटन, जानें क्यों खास है कैंपस
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बिहार के राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर का उद्घाटन किया।
PM Modi to Inaugurate Nalanda University : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 19 जून 2024 को बिहार के राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय परिसर का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और 17 देशों के मिशन प्रमुखों सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल थे।
नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर के उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने राजगीर में यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल नालंदा महाविहार का भ्रमण और अवलोकन किया। नालन्दा विश्वविद्यालय की स्थापना पांचवीं शताब्दी में हुई थी जिसने दुनिया भर से छात्रों को आकर्षित किया।
PM मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित किया
नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री का कार्यकाल संभालने के 10 दिनों के अंदर बिहार के नालंदा पहुंचा हूं। नालंदा आना मेरा सौभाग्य है। नालंदा एक नाम नहीं पहचान है। आग लपटों में भले ही किताबें जल गयी हो लेकिन ज्ञान नहीं मिटाया जा सकता है। नालंदा का यह नया कैंपस विश्व को भारत के सामर्थ्य का परिचय देगा।
नालंदा विश्वविद्यालय के नए कैंपस में क्या कुछ
राजगीर के अंतरराष्ट्रीय नालंदा विश्वविद्यालय के नए कैंपस में कुल 24 बड़ी इमारतें हैं। परिसर में 40 कक्षाओं वाले दो शैक्षणिक ब्लॉक हैं, जिनकी कुल बैठने की क्षमता लगभग 1900 है. इसमें 300 सीटों की क्षमता वाले दो सभागार हैं। इसमें लगभग 550 छात्रों की क्षमता वाला एक छात्र छात्रावास है। इसमें अंतरराष्ट्रीय केंद्र, 2000 व्यक्तियों तक की क्षमता वाला एम्फीथिएटर, फैकल्टी क्लब और खेल परिसर सहित कई अन्य सुविधाएं भी हैं। यह परिसर एक ‘नेट जीरो' ग्रीन कैंपस है. यह सौर संयंत्र, घरेलू और पेयजल शोधन संयंत्र, अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग के लिए जल पुनर्चक्रण संयंत्र, 100 एकड़ जल निकाय और कई अन्य पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं के साथ आत्मनिर्भर रूप से कार्य करता है।
नालंदा यूनिवर्सिटी कैंपस का उद्घाटन
नालंदा विश्वविद्यालय के उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "यह हमारे शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत खास दिन है। नालंदा का हमारे गौरवशाली हिस्से से गहरा नाता है। यह विश्वविद्यालय निश्चित रूप से युवाओं की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में एक लंबा रास्ता तय करेगा।" नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने वहां पर एक पौधा भी लगाया। बता दें कि नालंदा यूनिवर्सिटी का इतिहास 1600 साल पुराना है।
प्राचीन विश्वविद्यालय 800 सालों तक फलता-फूलता रहा
विशेषज्ञों के अनुसार 12वीं शताब्दी में आक्रमणकारियों द्वारा नष्ट किए जाने से पहले यह प्राचीन विश्वविद्यालय 800 सालों तक फलता-फूलता रहा। नए विश्वविद्यालय ने 2014 में 14 छात्रों के साथ एक अस्थायी स्थान पर काम करना शुरू किया। विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य 2017 में शुरू हुआ।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 19 June 2024 at 12:08 IST