सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर को बताया भारत का अहम हिस्सा तो पाकिस्तान को लगी मिर्ची, अमेरिकी राजनयिक को किया तलब
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राजदूत के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। मंत्रालय के अनुसार, राजदूत की टिप्पणी जम्मू-कश्मीर विवाद पर अमेरिका की दशकों पुरानी और स्थापित विदेश नीति के पूरी तरह से खिलाफ है।
- भारत
- 3 min read
भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के एक हाल ही में कहे बयान ने पड़ोसी देश पाकिस्तान में खलबली मचा दी है। सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर को भारत का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा करार दिया, जिस पर पाकिस्तान ने कड़ी आपत्ति जताई है।
पाकिस्तान ने अमेरिकी राजनयिक को किया तलब
अमेरिकी राजदूत की इस टिप्पणी से बौखलाए पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने तत्काल कदम उठाते हुए पाकिस्तान में अमेरिका की प्रभारी राजदूत नताली बेकर को तलब किया। पाक विदेश मंत्रालय ने सर्जियो गोर के बयान पर औपचारिक रूप से कड़ा विरोध दर्ज कराया। पाकिस्तान ने अमेरिका से यह आग्रह किया कि उसके प्रतिनिधियों के सार्वजनिक बयान जम्मू-कश्मीर की स्थिति को लेकर उसकी पुरानी नीतियों के अनुकूल ही होने चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों का दिया हवाला
अपनी बौखलाहट में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि जम्मू-कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विवादित क्षेत्र है। पाकिस्तान का तर्क है कि इस मुद्दे का अंतिम समाधान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रासंगिक प्रस्तावों और कश्मीरी जनता की आकांक्षाओं के अनुसार ही होना चाहिए। पाक का दावा है कि अमेरिकी राजदूत का यह बयान इस मामले पर अमेरिका के लंबे समय से चले आ रहे रुख के विपरीत है।
सुरक्षा स्थिति में सुधार और ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा
दूसरी ओर, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा स्थापित करने के लिए उठाए गए कदमों की जमकर सराहना की। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिकी प्रशासन जम्मू-कश्मीर के लिए जारी अपनी ट्रैवल एडवाइजरी के स्तर की समीक्षा कर सकता है और इसमें ढील देने पर विचार कर रहा है।
पर्यटन और अमेरिकी नागरिकों के लिए नए अवसर
सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक बेहद खूबसूरत जगह है और यहां विकास के नए अवसर मौजूद हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुरक्षा स्थितियों में सुधार के बाद बड़ी संख्या में अमेरिकी पर्यटक जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती का दीदार करने और यहां की संस्कृति को समझने के लिए भारत आना पसंद करेंगे।
अमेरिका के बयान पर भड़का पाकिस्तान, जम्मू-कश्मीर को फिर बताया विवादित क्षेत्र
पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर को 'भारत का हिस्सा' बताए जाने को खारिज करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विवादित इलाका करार दिया है। इस्लामाबाद का कहना है कि यह बात तथ्यों के लिहाज से गलत है और जम्मू-कश्मीर मुद्दे पर अमेरिका के पुराने रुख के बिल्कुल उलट है। इसके साथ ही पाकिस्तान ने इसे यूएन (UN) चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन भी बताया है। दूसरी ओर, भारत हमेशा से यह स्पष्ट करता रहा है कि संपूर्ण जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) भारत का अभिन्न अंग हैं। इसी मामले में अमेरिकी राजनयिक को समन करने के बाद पाकिस्तान ने एक विस्तृत बयान जारी किया, जिसमें जम्मू-कश्मीर को लेकर अपनी पुरानी बयानबाजी दोहराई है।
पाकिस्तान ने अमेरिकी राजनयिक सर्जियो गोर की टिप्पणी को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर पर अमेरिका का पुराना रुख कमजोर होता है। साथ ही, उसने आरोप लगाया कि यह बयान यूएन चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता को भी चोट पहुंचाता है।बयान के अंत में पाकिस्तान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चापलूसी करते हुए जम्मू-कश्मीर मुद्दे पर उनके द्वारा पहले की गई मध्यस्थता की कोशिशों की खुलकर तारीफ की।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 19 August 2026 at 23:03 IST