नितिन नवीन नई टीम के साथ आज करेंगे 'महामंथन', BJP मुख्यालय में होगी 3 बड़ी बैठकें; यहां जानें पूरा शेड्यूल
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम की घोषणा के बाद आज राष्ट्रीय मुख्यालय में तीन अहम बैठकें होंगी। संगठन और आगामी कार्यक्रमों को लेकर इन बैठकों में मंथन होगा।
- भारत
- 3 min read
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को अपनी नवनियुक्त टीम के साथ पहली बैठक करने जा रहे हैं। भाजपा मुख्यालय में आज दिन भर तीन अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें नए पदाधिकारियों का परिचय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर देश भर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा होगी।
BJP सूत्रों के अनुसार, पहली बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इसमें 17 अगस्त को घोषित 65 सदस्यीय नई टीम के सदस्यों का परिचय कराया जाएगा। इस टीम में 51 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सभी नए पदाधिकारियों का आपस में परिचय कराएंगे और पार्टी की अपेक्षाओं पर चर्चा करेंगे।
अपनी नई टीम के साथ मंथन करेंगे नितिन नवीन
यह बैठक औपचारिक रूप से नितिन नवीन की टीम की नई जिम्मेदारियों की शुरुआत मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, नए पदाधिकारियों को उनकी भूमिकाएं और दायित्व स्पष्ट रूप से बताए जाएंगे और आवश्यक निर्देश दिए भी जाएंगे। सभी पदाधिकारियों के कार्य क्षेत्र के बारे में भी विस्तार से चर्चा होगी। दिल्ली में BJP मुख्यालय के आस-पास पार्टी के नए पदाधिकारियों के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं।
‘मोदी @25’ कार्यक्रम को लेकर दूसरी बैठक
इसके बाद दूसरी बैठक ‘मोदी @25’ कार्यक्रम को लेकर होगी। इसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों, प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी।
देश भर में अलग-अलग कार्यक्रम का होगा आयोजन
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब से वे लगातार सार्वजनिक पद पर हैं,13 वर्ष मुख्यमंत्री और पिछले 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में उनके उल्लेखनीय कार्य पर बात होगी। इसके साथ ही बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर देश भर में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की जाएगी।
तीसरी बैठक शाम 6 बजे
तीसरी बैठक शाम 6 बजे आयोजित की जाएगी। इसमें नितिन नवीन के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारी और सभी प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। गृह मंत्री अमित शाह भी इस बैठक को संबोधित कर सकते हैं। इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक मजबूती और आने वाले चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 22 August 2026 at 09:27 IST