'मैं राहुल मियां से कहता हूं...', 'वंदे मातरम्' पर नितिन नबीन ने कांग्रेस नेता पर किया प्रहार, हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद का जिक्र कर क्या बोले?
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि मैं राहुल मियां से कहता हूं कि आप 'वंदे मातरम्' का महत्व समझ ही नहीं सकते, क्योंकि आपने भारतीय संस्कृति के महत्व को ही नहीं समझा है।
- भारत
- 4 min read
Nitin Nabin Attacked on Congress: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 'वंदे मातरम्' के पूरे गायन पर कांग्रेस की आपत्ति को लेकर विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में कुछ ऐसे राजनीतिक दल भी हैं, जिन्हें राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' बोलने में शर्मिंदगी महसूस होती है। इसी सिलसिले में नितिन नबीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीधा तंज कसते हुए उन्हें 'राहुल मियां' कहकर संबोधित किया।
दरअसल, नितिन नबीन ने बुधवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसी दौरान उन्होंने उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा हमेशा 'राष्ट्र प्रथम' (नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट) के सिद्धांत पर काम करती है, जो उनके हर कार्यकलाप में साफ दिखाई देता है।
कांग्रेस पर खूब बरसे नितिन नबीन
उन्होंने कहा, 'इस देश में ऐसे भी राजनीतिक दल है, जो 'वंदे मातरम्' बोलने में शर्मिंदगी महसूस करते है। मैं राहुल मियां से कहता हूं कि आप 'वंदे मातरम्' का महत्व समझ ही नहीं सकते, क्योंकि आपने कहीं न कहीं भारतीय संस्कृति के महत्व को ही नहीं समझा। आप विदेशी संस्कृति में ही पले-बढ़े हैं। जिस 'वंदे मातरम्' की गूंज से इस देश की मिट्टी और इस देश की आजादी के लिए हजारों-लाखों बलिदानियों ने अपना बलिदान किया, उसी 'वंदे मातरम्' का पूरा गान करने से आपकी माता और आपकी पार्टी अपमानित महसूस करती है।'
हमें कांग्रेस को खत्म कर देना चाहिए- नितिन नबीन
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में कहा कि इस कांग्रेस को हमें निश्चित रूप से समाप्त कर देना चाहिए। वे कहते हैं कि 'वंदे मातरम्' की गूंज सिर्फ हमारी आजादी की ही गूंज नहीं है, यह 2047 के विकसित भारत की आवाज है, जिसे सभी को मिलकर लगातार आगे बढ़ाना है। 'वंदे मातरम्' की गूंज से नई पीढ़ी को जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि 'वंदे मातरम्' हमारे सम्मान का प्रतीक है। हमारी देश की एकता का प्रतीक है। अगर हमें विकसित भारत के सपने को साकार करना है तो एक-एक भारतवासी को 'वंदे मातरम्' की गूंज के साथ आगे बढ़ना होगा।
हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद को लेकर भड़के
नितिन नबीन ने अपने संबोधन में हल्द्वानी के शुद्धिकरण विवाद को लेकर भी कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने झूठ बोलकर देश और उत्तराखंड को जाति के नाम पर बांटने की साजिश रची है।
खड़गे ने धर्म विशेष के नारे लगाए- नितिन नबीन
उन्होंने कहा, 'अभी हमारे मुख्यमंत्री जी कह रहे थे कि इसी हल्द्वानी की धरती से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक राजनीतिक खेल खेलने का और षड़यंत्र रचने का काम किया मगर मैं कांग्रेस के अध्यक्ष को कहना चाहता हूं कि खड़गे जी आपकी जो विभाजनकारी राजनीति है, वो इस उत्तराखंड के पवित्र भूमि को अपवित्र कर ही नहीं सकती है, यहां के लोग अपने गुरुओं को, देवी-देवताओं को पूजते हैं। लेकिन जो आपने खेल खेलने का प्रयास किया, जिस पवित्र भूमि से आपने धर्म विशेष के नारे लगाए और उस पवित्र भूमि को अपमानित करने का काम किया। आप उस पर कहीं न कहीं राजनीति करना चाहते थे। आपने इसे लेकर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास किया। मैं इसे षड्यंत्र मानता हूं। मैं कांग्रेस के लोगों से पूछता हूं कि आपका इतिहास क्या रहा है। इनका (कांग्रेस) इतिहास दलितों का अपमान करने का रहा है।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 10 September 2026 at 07:35 IST