'विदेशी ताकतों के सहारे राजनीति कर रहे...', नितिन नबीन ने राहुल गांधी और CJP पर लगाया भारत को अस्थिर करने की कोशिश का आरोप

नितिन नबीन ने सीजेपी प्रोटेस्ट को लेकर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंडी गठबंधन और सीजेपी पर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

 
Follow :
BJP President Nitin Nabin | Image: ANI

Nitin Nabin: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राहुल गांधी के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन, 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) और अरविंद केजरीवाल के सहयोगियों पर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी ये हरकतें राजनीतिक एजेंडे और विदेशी ताकतों के इशारे पर हो रही हैं।

नितिन नबीन ने शनिवार को कहा, 'आज देश में बहुत ही खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। देश की 140 करोड़ जनता जिसका सुख-शांति के साथ भारत के विकास में सहयोग मिल रहा है, उसे अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है और ये कौन कर रहा है? इसमें दो अराजकतावादी समूह जिसमें से एक INDI गठबंधन के नेता राहुल गांधी और दूसरे गुट का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल के सहयोगी CJP कर रहा है। मैं इन दोनों गुटों को स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि भारत की जनता पूरी तरह से आपके इन उद्देश्यों को देख रही है। आपकी जो अराजकतावादी प्रतिस्पर्धा चल रही है कि कौन इस देश में अधिक अस्थिरता पैदा कर सकता है; आपके यह मंसूबे पूरे नहीं होंगे।'

October 10, 2026

ये जनता के नकारे हुए लोग- नितिन नबीन

उन्होंने आगे तीखा तंज कसते हुए कहा, 'ये कौन लोग हैं, जिन्हें जनता ने नकार दिया है। चाहे राहुल गांधी का INDI गठबंधन हो या फिर अरविंद केजरीवाल और उनकी CJP हो; जनता ने इन्हें नकार दिया है। इन्हें जब लोकतंत्र ने सजा दी तो उससे सीखने की जगह इन्होंने इस देश को अस्थिर करने का इरादा बना लिया। मैं कहना चाहता हूं कि ये प्रयास कहीं न कहीं राजनीतिक उद्देश्यों के साथ-साथ विदेशी ताकतों के इशारे पर किया जा रहा है। देश लगातार वैश्विक संकट के बावजूद भी प्रगति की ओर आगे बढ़ रहा है। यही विषय इन्हें चुभ रहा है।' उन्होंने कहा कि आप भारत के विकास, तरक्की और उन्नति को पचा नहीं पा रहे हैं।

राहुल गांधी के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे- नबीन

नितिन नबीन ने आरोप लगाया, 'पिछले 12 सालों में सरकार ने देश को भय के वातावरण से बाहर निकाला, आतंकवाद को जड़ों से खत्म करने का प्रयास किया, नक्सलवाद से देश को मुक्त करने का प्रयास किया, लेकिन अभी भी कुछ अर्बन नक्सल की मानसिकता वाले लोग इस देश को अस्थिर करने में लगे हुए हैं।' उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। जिन शब्दों का प्रयोग राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल समेत इंडी गठबंधन के लोग करते हैं। सीजेपी के तथाकथित युवा नेतृत्व कहते हैं उन्हें भारत का युवा देख रहा है। आपके द्वारा कहे गए शब्दों को भारत की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

नितिन नबीन की चेतावनी

उन्होंने कहा कि आप इस देश के संवैधानिक ढांचों को जिस प्रकार से चुनौती देने का प्रयास कर रहे हैं, देश के लोकतंत्र को चुनौती देने का प्रयास कर रहे हैं, देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों का अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, उसे देश की 140 करोड़ जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। इसकी सजा आपको मिलकर रहेगी। मैं आपको स्पष्ट चेतावनी देता हूं कि जिन विदेशी ताकतों के बल पर आप अपनी बिकाऊ राजनीति कर रहे हैं और विदेशी ताकतों के गठजोड़ से भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं, आपके नापाक इरादे कभी पूरे नहीं होंगे। झूठ के सहारे संविधान के नाम पर लोकतंत्र को चुनौती देना, जनादेश का अपमान करना है। देश की जनता ने जिसको जनादेश दिया है, देश की जनता जिसको विश्वास की है, वह देश का नेतृत्व कर रहा है। लगातार राज्यों में आपकी हार हताशा दिख रही है कि आप कहीं ना कहीं इस देश को शांति के साथ आगे नहीं बढ़ने देना चाह रहे हैं।

नबीन ने चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और देश के राष्ट्रभक्त जनता आपको करारा जवाब देगी। आज जिस प्रकार से तनाव की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है भारत की सरकार इससे कड़ाई से निपटेगी। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता भी पूरी तरह से जनता के बीच में रहकर आपके इस मंसूबे को कहीं ना कहीं रोकेगा। मैं आज के दिन स्पष्ट कहता हूं कि हम पूरी तरह से देश के विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं। हम सभी ताकतों से फिर चाहे वे विदेश में हो या फिर देश के अंदर हो इनसे शक्ति से निपटेंगे।

यह भी पढ़ें: Delhi CJP Protest: घर से निकलने से पहले जरूर जान लें दिल्‍ली का ये 'रोडमैप', इन 30 रास्तों पर है टोटल डायवर्जन, पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 10 October 2026 at 11:49 IST