हमास की तर्ज पर ड्रोन और छोटे रॉकेट बनाकर भारत पर हमले की थी तैयारी... दिल्ली ब्लास्ट केस में गिरफ्तार जसीर वानी का सनसनीखेज खुलासा

NIA ने जम्मू-कश्मीर के आतंकी जसीर बिलाल वानी से पूछताछ में पाया कि वह हमास की तर्ज पर ड्रोन और छोटे रॉकेट बनाकर भारत में बड़े हमलों की योजना बना रहा था। ड्रोन्स में कैमरा-बैटरी के साथ बम लैस कर भीड़भाड़ वाली जगहों या सुरक्षा ठिकानों पर टारगेटेड ब्लास्ट की तैयारी थी।

Follow :  
×

Share


(सांकेतिक फोटो) | Image: ANI

Delhi blast update : दिल्ली आतंकी ब्लास्ट में एक के बाद एक नए-नए खुलासे हो रहे हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच में खुलासा हुआ है कि इस बार आतंकियों के मंसूबे बेहद ही खतरनाक थे। जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार आतंकी जसीर बिलाल वानी उर्फ दानिश से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि हमास की तर्ज पर भारत में हमला करने की तैयारी चल थी।

हमास, गाजा पट्टी में एक्टिव एक आतंकी संगठन है। उसने इजरायल पर एक साथ सैंकड़ों ड्रोन और छोटे रॉकेट से एक साथ हमला किया था। ये हमला इतना बड़ा था कि एक बार के लिए इजरायल का बेहद सटीक माने जाने वाला एयर डिफेंस सिस्टम आयरन डोम भी चकमा खा गया था। दिल्ली हमले के बाद गिरफ्तार आतंकी, हमास की तर्ज पर ड्रोन और छोटे रॉकेट तैयार कर भारत में बड़े पैमाने पर हमलों की योजना बना रहे थे। यह साजिश न केवल शहरों में भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बनाने की थी, बल्कि सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर भी हमला करने की तैयारी थी।

ड्रोन को घातक हथियार में बदलने की साजिश

NIA की जांच में सामने आया है कि जसीर बिलाल वानी और उसके साथी लगातार ऐसे ड्रोनों को विकसित करने में जुटे थे, जिन्हें आसानी से हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। इन ड्रोनों में कैमरा और बैटरी के साथ-साथ छोटे बम फिट करने की तैयारी चल रही थी। आतंकियों का मकसद था कि ये ड्रोन उड़ाकर लक्षित स्थानों पर विस्फोटक गिराए जाएं, जिससे अधिक से अधिक नुकसान हो।

हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण यह मॉड्यूल पकड़ा गया और साजिश को अंजाम देने से पहले ही इसे विफल कर दिया गया। जसीर बिलाल ड्रोन बम बनाने में एक्सपर्ट है। उसके पास तकनीकी और सामग्री का ऐसा जखीरा था, जो मध्य पूर्व के संघर्ष क्षेत्रों से प्रेरित था।

ड्रोन बम बनाने में माहिर है जसीर

यह साजिश मध्य पूर्व के संघर्षों से प्रेरित थी। सीरिया, गाजा पट्टी और अफगानिस्तान जैसे क्षेत्रों में हमास और अन्य उग्रवादी संगठनों द्वारा ड्रोन हमलों का इस्तेमाल देखा गया है। इन हमलों में सस्ते ड्रोन को विस्फोटक से लैस कर टारगेट पर भेजा जाता है, जो पारंपरिक हथियारों से कहीं अधिक प्रभावी साबित होते है। जसीर बिलाल का मॉड्यूल इसी रणनीति को भारत में लागू करने की फिराक में था। प्लान के तहत, ड्रोन को बाजारों, रेलवे स्टेशनों या सैन्य ठिकानों पर उड़ाकर टारगेटेड ब्लास्ट किए जाते, जिससे भारी तबाही मचाई जा सकती थी।

NIA जसीर बिलाल वानी उर्फ दानिश को जम्मू-कश्मीर से दिल्ली लेकर आ गई है। एयरपोर्ट पर उतरते ही उसे CISF की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की सख्त निगरानी में NIA मुख्यालय ले जाया गया। एजेंसी को शक है कि यह मॉड्यूल लश्कर-ए-तैयबा या जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों से जुड़ा हो सकता है। 

ये भी पढ़ें: दिल्ली ब्लास्ट मामले में NIA का बड़ा एक्शन, आतंकी उमर के करीबी जसीर बिलाल वानी को श्रीनगर से किया गिरफ्तार

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 17 November 2025 at 20:46 IST