घटनास्थल से साक्ष्य, CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान; रेलवे ने बताया किन-किन बिंदुओं पर शुरू की हादसा की जांच
भगदड़ की घटना की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति में उत्तर रेलवे के पीसीसीएम नरसिंह देव को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच शुरू हो गई है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार, 15 फरवरी) की रात को मची भगदड़ की घटना में 18 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हैं। हादसे के बाद एक बार फिर विपक्ष केंद्र सरकार और भारतीय रेलवे पर कई सवाल उठा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग भी विपक्ष के कई नेता कर रहे हैं। मगर इन सब के बीच रेलवे की ओर से घटना की जांच शुरू कर दी गई है। प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर, उत्तर रेलवे ने बताया कि किन-किन बिंदुओं से जांच शुरू की गई है।
भगदड़ की घटना की जांच के लिए रेलवे ने सदस्यीय कमेटी गठित कर दिया है। दो सदस्यीय समिति में उत्तर रेलवे के पीसीसीएम नरसिंह देव और पंकज गंगवार शामिल हैं। कमेटी पता लगाएगी कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची कैसे? जांच करने के लिए समिति ने रेलवे स्टेशन के सभी वीडियो फुटेज सुरक्षित करने के आदेश दिए हैं।
हर तरह के साक्ष्यों की होगी जांच-रेलवे
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर नरसिंह देव, प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर, उत्तर रेलवे) ने कहा, हमने जांच शुरू कर दी है। हम सभी साक्ष्यों को समझने की कोशिश कर रहे हैं। हमने CCTV फुटेज भी देखी है। हम प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लेंगे। हर तरह के साक्ष्यों की जांच करने के बाद एक जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी और प्रशासन को दी जाएगी।
जांच समिति ने दिए ये आदेश
जांच समिति ने NDLS रेलवे स्टेशन के सभी वीडियो फुटेज को सुरक्षित करने का आदेश दिया है। वहीं, उत्तर रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर कहा, "हम सभी को इस दुर्घटना पर बहुत दुख और खेद है। इस हादसे में 18 लोगों की जान गई है। रेल मंत्री ने 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता सभी दिवंगत परिवारों को देने की घोषणा की है। लगभग सभी लोगों तक यह धनराशि वितरित हो गई है। कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। तथ्यों की जांच की जा रही है और शीघ्र ही जांच रिपोर्ट आ जाएगी।
कैसे हुई थी भगदड़ की घटना
भगदड़ की घटना को लेकर बताया जाता है कि बड़ी संख्या में यात्री प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर खड़े थे। एएनआई के मुताबिक, एक चश्मदीद ने बताया कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म बदलने की घोषणा की गई थी। एक घोषणा की गई थी कि ट्रेन अब प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर आएगी। इसलिए भीड़ दोनों तरफ से आ गई और भगदड़ मच गई।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 16 February 2025 at 15:10 IST